बता दें कि दो सड़क हादसे एक के बाद एक हुए है। पहले बोलेरो पलटी और फिर उस हादसे को देखने के लिए खड़े लोगों पर बस पलट गई। हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। इसमें एक महिला और एक व्यक्ति की पहचान हो गई है। अन्य दो मृतकों की पहचान की जा रही है। हादसे के कारण का भी पता किया जा रहा है।
–शिवेश सिंह बघेल, एएसपी ग्रामीण
जबलपुर/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश के जबलपुर में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दरअसल,जिला मुख्यालय से लगभग 40 किमी दूर पाटन-तेंदूखेड़ा रोड पर गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हुआ। पहले बोलेरो पलट गई। हादसे में 62 वर्षीय वृद्धा सहित चार घायल हो गए। घायल रोड पर बैठे थे। वहां कुछ मददगार व तमाशबीन भी जमा हो गए। उसी दौरान इंदौर से बारात लेकर लौट रही बस अनियंत्रित होकर वृद्धा और तीन बाइक पर पलट गई। बस के नीचे दबने से वृद्धा सहित चार लोग दब गए। चारों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दो युवकों के शव इतनी बुरी तरह से चपटा हो गए कि उनकी पहचान नहीं हो पाई है। सभी घायलों को पाटन और कुछ को जबलपुर रेफर किया गया है। वहीं आरक्षक गनपत और सैनिक दौलत भी बस की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हुए है।

क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो एमपी 04 बीए 0511 तेंदूखेड़ा से तेन्दुखेड़ा से आते समय बगदरी घाटी में पलट गयी थी। बुलेरो में सवार फूलरानी पटेल (62) सहित पांच लोग घायल हो गए। फूलरानी का इलाज कराने बोलेरो से जबलपुर ला रहे थे। हादसे के बाद फूलरानी रोड किनारे बैठी हुई थी। हादसे और घायलों को देखकर कुछ बाइक सवार रूक गए थे। तभी तेन्दुखेड़ा की ओर से आई लालू बस सर्विस की बस एमपी 18 पी 0435 छोटा घुमाव होने के कारण अनियंत्रित होकर रोड से उतरकर पलट गयी।
बस के नीचे फूलरानी सहित तीन बाइक एमपी 20 एमएफ 0326, एमपी 20 के एफ 8973 व एमपी 20 एनक्यू 4532 के साथ खड़े तीन अन्य लोग दब गए। हादसे के घंटों बाद बस को जेसीबी व क्रेन बुलाकर सीधा किया गया। बस के नीचे दबकर महुआखेडा थाना सुरखी जिला सागर निवासी फूलरानी (62), जैतगढ़ दमोह निवासी रूपलाल विश्वकर्मा (30) वर्ष और 35 व 40 वर्षिय दो अन्य व्यक्तियों की दबकर मौत हो गई। मृतकों में एक का शव तीन टुकड़ों में बंट गया था। एक का शरीर चपटा हो गया था। हादसे के बाद मौके पर जाम लग गया।
बस पलटने से उसमें सवार दर्जनों लोग घायल

पुलिस के मुताबिक एमपी 18 पी 0435 नंबर की बस शहपुरा भिटौनी से 21 दिसंबर को रोमिल जैन की बारात लेकर इंदौर गई थी। बुधवार की रात 11 बजे बारातियों को लेकर लौट रही थी। सुबह 11 बजे बगदरी मोड़ पर हादसा हुआ। हादसे में बस में सवार सपना जैन (50), आयुषी सिंघई (23), देवेन्द्र पटेल (35), लीलाधर पटेल (32), भागचंद पटेल (42), कान्हा (40), दौलतराम (53), मालती जैन (70), निधि जैन (29), अमन जैन (23), हार्दिक जैन (5), हर्षित जैन (21), अभिषेक जैन (30), रिशना (10), धर्मेंद्र (35), अर्जुन (35) के अलावा 03 अन्य घायल हो हुए हैं। बस में सवार बारातियों के मुताबिक बस की दोपहर डेढ़ बजे जबलपुर में नंबर था। इस कारण चालक तेज रफ्तार में चला रहा था।
घायलों को निकालने में पुलिस की अहम भूमिका
बारात बस पलटने के बाद उसके नीचे दबे हुए बारातियों को बाहर निकालने मैं एसडीओपी देवी सिंह पाटन थाना प्रभारी आसिफ इकबाल एवं पुलिस स्टाफ की भूमिका रही पुलिस ने मानवता का परिचय देते हुए जेसीबी की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बस के नीचे जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे घायलों को बाहर निकालने एवं उनको तत्काल उपचारकी व्यवस्था कराने हेतु अस्पताल के लिए रवाना करने में अहम भूमिका रही है।
मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया
जबलपुर में हुए सड़क हादसे में अनेक नागरिकों की मृत्यु होने का हृदय विदारक समाचार मिला है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें, उनके परिजनों को इस गहन दुःख को सहने की शक्ति दें और घायलों को शीघ्र ही पूर्ण स्वस्थ करें, यही प्रार्थना है।
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) December 24, 2020
