बता दें कि परिजनों का आरोप था कि वह तीन लाख रुपये जमा कर चुके हैं। इसके बावजूद अस्पताल की ओर से 70 हजार रुपये और मांगे जा रहे थे। रुपये नहीं देने पर अस्पताल ने लाश देने से मना कर दिया है। इसे लेकर परिजनों ने अस्पताल में हंगामा खड़ा कर दिया। सूचना पर साथी पुलिसकर्मी पहुंच गए। एक साथी सब इंस्पेक्टर ने तो यहां तक कह दिया कि मेरी किडनी ले लो,लेकिन मेरे दोस्त का शव दे दो। यह सुनकर परिजन रो पड़े पुलिस की मध्यस्थता के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया और परिजन शव ले गए।
मेरठ/उत्तरप्रदेश।
उत्तरप्रदेश में निलंबित चल रहे दारोगा ने तनाव के चलते जहर खा लिया। दरअसल,10 माह से सस्पेंड चल रहे हापुड़ में तैनात एक दारोगा की जहर खाने से मौत हो गई। परिजनों ने न्यूटिमा हॉस्पिटल के बिल को लेकर हंगामा कर दिया। मेडिकल पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल प्रबंधन से बात करने के बाद बिल के 70 हजार रुपये माफ करवा दिये। बाद में परिजनों ने दारोगा को सुपुर्दे-ए-खाक कर दिया।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,मेडिकल थाना प्रभारी ने बताया कि संभल जिले के गांव एंचौला निवासी 30 वर्षीय मिक्की मियां दारोगा थे। वर्तमान में उनकी तैनाती हापुड़ के बहादुरगढ़ थाने में सब इंस्पेक्टर के रूप में थी। पुलिस ने बताया कि 10 माह से वह निलंबित चल रहे थे। इसी तनाव के चलते उन्होंने मंगलवार को जहर खा लिया था। घरवालों ने उनको पहले हापुड़ में भर्ती कराया और बाद में उनको न्यूटिमा हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया गया था। एसओ ने बताया कि शनिवार सुबह उनकी मौत हो गई।
भाई फैसल ने बताया कि तीन दिन से मिक्की मिंया का न्यूटिमा में इलाज चल रहा था। शुक्रवार तक तीन लाख रुपये जमा करा दिए गये थे। सुबह मौत होने पर न्यूटिमा स्टाफ ने उन्हें 70 हजार रुपये का और बिल जमा करने को कहा। इस बात को लेकर बहस हुई और हंगामा शुरू हो गया।
परिजनों ने शास्त्रीनगर एल ब्लॉक चौकी इंचार्ज पवन गंगवार और हापुड़ से दारोगा अजहर खान को भी बुला लिया। शव न देने पर हंगामा किया पुलिस का कहना है कि परिजनों का आरोप था कि तीन दिन में हॉस्पिटल ने तीन लाख 70 हजार रुपये का बिल बना दिया। उसके बावजूद डॉक्टरों की लापरवाही के चलते उनकी मरीज की जान नहीं बची। हालांकि हंगामे के बाद न्यूटिमा ने 70 हजार रुपये छोड़ दिए और शव उनके सुपुर्द कर दिया। बाद में परिजनों ने शव को सुपुर्दे-ए-खाक कर दिया।
