इंदौर/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश के इंदौर में तेजाजी नगर क्षेत्र में 2 अगस्त को देर रात शिवसेना नेता और ढाबा संचालक रमेश साहू की गोली मारकर हत्या मामले का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से मेन अपराधी विजय वारदात के बाद भागकर गुजरात के द्वारिका चला गया था, जहां मजदूरी करने लगा था। बता दें कि साहू उमरीखेड़ा में ऊं साईं राम ढाबा और रेस्टोरेंट चलाते थे। यहीं पर परिवार के साथ रहते थे। बदमाश हत्या के इरादे से ही ढाबे के बाउंड्रीवाल की दीवार फांदकर भीतर घुसे थे। परिजन ने हत्या के पीछे लूट की बात कही थी, लेकिन पुलिस हत्या को प्रॉपर्टी विवाद से जोड़कर देख रही थी। आरोपियों ने लूट के इरादे से वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने लूट का माल भी जब्त कर लिया है।
क्या था पूरा मामला

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने उमरीखेड़ा गांव स्थित शिवसेना नेता और ढाबा संचालक रमेश साहू की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्यारे सोने-चांदी के जेवरात आदि लूटकर ले गए थे। मामले में तेजाजी नगर पुलिस ने लूट, डकैती और हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान क्राइम ब्रांच की एक टीम को पप्पू उर्फ राहुल पिता देवी सिह रणवीर निवासी उमरीखेड़ा के संबंध में कुछ सुराग मिले। यह ढाबे के पास ही दो साल से रह रहा था। यह मूलत: मनावर जिला धार का रहने वाला है।
वह रमेश साहू के बारे में बहुत सी बातें जानता था। यहीं से जांच आगे बढ़ी और पुलिस कुक्षी के लूटपाट करने वाले गिरोह तक पहुंची। पुलिस ने गिरोह के मुख्य आरोपी विजय को गुजरात के द्वारिका से पकड़ा। बाकी के आरोपी कुक्षी में छिपे हुए थे।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ढाबे के पास रहने वाले पप्पू ने ही लूट की योजना बनाई थी। वारदात वाली रात वे दीवार फांदकर भीतर पहुंचे। यहां वे वारदात को अंजाम दे ही रहे थे कि साहू उठ गए और विरोध किया। इस पर साहू को मौके पर ही गोली मार दी। उनके गिरने के बाद माल बटोरा। इतने में उनकी पत्नी उठकर आ गई। उसने भी माल लूटकर भाग निकले। वारदात के लिए एक चार पहिया वाहन का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस ने इनके पास से कार, तीन देशी कट्टे और चार जिन्दा कारतूस बरामद करने के साथ ही लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण भी जब्त कर लिए हैं।
आरोपियों से प्राप्त हुए लूट का माल

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी जिसने रमेश साहू को गोली मारी थी, उसे गुजरात के देवभूमि द्वारिका क्षेत्र के पास के गांव से हिरासत में लिया गया। यह यहां फरारी काटते हुए मजदूरी करने लगा था। यहां पर यह एक टपरी में रह रहा था। पुलिस पहुंची तो वह भागने लगा, जिसे खेतों में दौड़कर पुलिस ने दबोचा। आरोपियों के कब्जे से दो कंगन, गले का हार, मांग टीका, दो झुमके, दो चूडियां, सोने की रुद्राक्ष माला, सोने की दो चूड़ियां, एक जोड़ी कान की सोने की कनचडी, सोने का एक टॉप्स, दो अंगूठी सोने की, एक कड़ा चांदी का, एक जोड़ी पायजेब चांदी बरामद की है।
