भोपाल/मध्यप्रदेश………….
मध्य प्रदेश में प्रशासनिक सर्जरी शुरू हो गयी है। पहली गाज रीवा कमिश्नर और सीएम के ज़िले छिंदवाड़ा के एसपी पर गिरी है। रीवा कमिश्नर महेश चन्द्र चौधरी और छिंदवाड़ा एसपी अतुल सिंह को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। दोनों अफसरों पर चुनाव परिणाम प्रभावित करने का आरोप था। सीनियर आईएएस अफसर महेश चन्द्र चौधरी को रीवा से हटाकर भोपाल मंत्रालय में अटैच कर दिया गया है। सीएम के आदेश से ये फेरबदल किया गया। शहडोल कमिश्नर जेके जैन को रीवा कमिश्नर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, आईपीएस अफसर अतुल सिंह को अभी कोई पदस्थापना नहीं दी गई है। मंत्रालय सूत्रों का कहना है कि कुछ और कलेक्टर जल्द ही बदले जा सकते हैं। इसके अलावा मंत्रालय में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदलेंगी। इसमें कुछ अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव प्रभावित हो सकते हैें।
क्या था मामला………….
कांग्रेस नेताओं ने कमिश्नर पर चुनाव परिणाम प्रभावित करने का आरोप लगाया था। उनकी जगह शहडोल कमिश्नर जे के जैन को उनके स्थान पर आगामी आदेश तक रीवा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। छिंदवाड़ा एसपी चुनाव के दौरान कांग्रेस के निशाने पर थे। कांग्रेस ने उन पर चुनाव को प्रभावित करने का आरोप लगाया था। सत्ता में आते ही प्रदेश में प्रशासनिक सर्जरी की अटकलें तेज़ थीं। विंध्य इलाके में कांग्रेस की करारी हार के बाद सीएम और पीसीसी चीफ कमलनाथ ने हार की जांच का आदेश दिया है। कांग्रेस के गढ़ चुरहट में इस बार अजय सिंह तक चुनाव हार गए हैं। इस हार ने कांग्रेस को चिंतन पर मजबूर कर दिया है। रीवा में की गयी इस कार्रवाई को उसी से जोड़कर देखा जा रहा है छिंदवाड़ा एसपी अतुल सिंह की जगह पुलिस अधीक्षक रेल भोपाल मनोज राय को नया एसपी बनाया गया है।
एक और प्रशासनिक फैसले में सीनियर आईएएस अफसर मनोज श्रीवास्तव को सांची बौद्ध यूनिवर्सिटी का वाइस चांसलर नियुक्त किया गया है। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने नियुक्ति आदेश जारी किए। अभी मनोज श्रीवास्तव संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव हैं। वो वर्तमान दायित्वों के साथ कुलपति पद पर रहेंगे। सांची यूनिवर्सिटी के वीसी यजनेश्वर शास्त्री आज 18 दिसंबर को ही रिटायर हुए हैं।

