10 तारीख को दोनों ठीए के टीआई, 15 को हम तीन और 20 तारीख को स्क्वॉड वालों का महीना तय हुआ था। अब जल्दी पैसा लेकर आ जाओ। टीआई साहब को रीवा घर जाना है, गाड़ी में डीजल की व्यवस्था भी करो। हंगामा बढ़ा तो पुलिस हरकत में आई। एजेंट विनय को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुलिस के नाम पर अड़ीबाजी करने का मामला भी दर्ज किया। ऑडियो में टीआई, बीट दरोगा व स्क्वॉड के लिए अड़ीबाजी कर रहे पुलिस सिपाही रामअवतार को सस्पेंड कर दिया है।
ग्वालियर/मध्यप्रदेश……….
हजीरा थाना के सिपाही और शराब माफिया के बीच बातचीत का यह ऑडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसके अलावा एक अन्य ऑडियो भी वायरल हुआ है। जिसमें एजेंट विनय भदौरिया शराब माफिया से कह रहा है कि सीएसपी का पैसा कहां है। माफिया पूछता है कि सीएसपी की वसूली तुम कर रहे हो तो वह कहता है कर लेंगे। फिर माफिया कहता है सीएसपी लायक काम नहीं चल रहा है। काम चलता तो एसपी तक भी पहुंचा देते। शनिवार को एक के बाद एक दो ऑडियो से हड़कंप मच गया। पुलिस व शराब माफियाओं के बीच गहरा गठजोड़ निकलकर सामने आया है।
कौन है विनय भदौरिया………..
सीएसपी महाराजपुरा के नाम पर शराब माफिया से रिश्वत मांगने वाले प्राॅपर्टी डीलर विनय उर्फ भूरा पुत्र उदय सिंह भदौरिया को पुलिस ने पकड़ा है। वह लंबे समय से यह काम कर रहा था। अपने क्षेत्र में पुलिस अधिकारियों के आसपास खड़े होकर सेल्फी ले लेता था और इसे सोशल मीडिया पर डालकर अपना रौब गांठता था। वह कई लोगों से तो यह तक कहता था कि वह हजीरा थाने के गुंडा स्कवॉड में है।

CSP के नाम पर एजेंट विनय मांग रहा था वसूली………
शनिवार को ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। यह ऑडियो होली से एक दिन पहले का है। जिसमें सीएसपी महाराजपुरा रवि भदौरिया के नाम पर एजेंट विनय उर्फ भूरा भदौरिया, शराब का काम करने वाले रवि तोमर निवासी कांचमिल से वसूली का दबाव बना रहा है। बातचीत के कुछ अंश इस प्रकार हैं।
रविः कौन के पैसा मांग रहे हो
एजेंटः सीएसपी भदौरिया, रवि भदौरिया आ गए हैं अब
रविः उनकी वसूली तुम कर रहे हो
एजेंटः कर लेंगे आ गए हैं अपने भदौरिया
रविः हां अपना काम है
एजेंटः पता है तभी तो हमें भी तो कुछ दो यार
रविः सीएसपी लायक काम नहीं है काम होता तो एसपी तक पहुंचा देते
एजेंटः महीना दो, खूब काम बढ़ाओ, पर अकेले बढ़ाओ हरेन्द्र के संग में नहीं
रविः भाई साहब से ही कह दो सस्ता माल दिला दें
एजेंटः हंसते हुए भाई साहब कहां से दिलाएंगे, उनने काम बंद कर दिया
रविः तुम कैसे आ गए काम में, बताओं क्या करें
एजेंटः अपन तो अब सिस्टम में घुस गए है
पुलिस और शराब माफिया का गठजोड़ का ऑडियो………
शनिवार को सोशल मीडिया पर आया एक और ऑडियो तो इससे भी ज्यादा खतरनाक है। इसमें हजीरा थाना का एक सिपाही जिसे रामअवतार तोमर बताया जा रहा है वह शराब माफिया रवि तोमर से हजीरा थाना टीआई और पड़ोसी थाना के टीआई व स्क्वॉड के लिए डील कर रहा है। यह ऑडियो भी होली से ठीक पहले का है। बातचीत के कुछ अंश।
सिपाहीः साहब को जाने है रीवा घर, गाड़ी में डीजल का इंतजाम करो
रविः कहो तो काम बंद कर दें महीना दें डीजल भी डलवाएं
सिपाहीः गुप्ता की दुकान पर खडे हैं आ जाओ
रवि : पैसे लेकर आएं या वैसे ही आएं
सिपाहीः टीआई साहब, तीन जने हम बचे हैं और राजू के कौन देगो
रविः राजू वाले राजू ही देगा
सिपाहीः अच्छा और स्क्वॉड वाले
रविः राजू देगा
सिपाहीः बीट वाले, दरोगा के 20 को दोगे
रविः 25 तरीख को भूलों मत हर बार देते हैं
सिपाहीः सुनो 10 को टीआई, 15 को हम और 20 को स्क्वॉड वाले
रविः 10, 15 और 20 तीनों तारीखों में दोनों ठीए के टीआई, स्क्वॉड की कही थी
सिपाहीः गड़बड़ मत करो 10 को यहां वाले टीआई, 15 को वहां ठीए के टीआई और यहां का स्क्वॉड
रविः अरे नहीं यार ये गलत है
सिपाहीः 10 को टोटल टीआई, 15 को स्क्वॉड और हम
रविः तुम बात कर लो पहले
सिपाहीः 28 तारीख फायनल
रविः राजू से तुम कहो, मैं सबसे नहीं दूंगा नहीं तो ठन-ठन गोपाल हो जाउंगा।
रवि की शिकायत पर एजेंट विनय पर FIR, गिरफ्तार……..
ऑडियो सामने आते ही और रवि तोमर निवासी कांचमिल के हजीरा थाना पहुंचते ही पुलिस ने तत्काल सीएसपी महाराजपुरा रवि भदौरिया के नाम पर अड़ीबाजी कर रहे विनय उर्फ भूरा भदौरिया पुत्र उदय सिंह निवासी न्यू कॉलोनी नंबर एक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। रवि ने उसके खिलाफ यह भी शिकायत की है कि इस ऑडियो के अतिरिक्त शनिवार सुबह उसने रास्ता रोककर सीएसपी से सेटिंग कराकर शराब का धंधा चलवाने की बात कही। बदले में उसे महीना व दो बोतल देने को कहा। मना करने पर पीटा। पुलिस ने विनय को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
कौन है रवि तोमर………..
असल में एफआइआर कराने वाला रवि तोमर भी अवैध शराब का काम करता है। उस पर भी हजीरा में कई मामले दर्ज है। कुछ दिन पहले ही मारपीट के मामले में उस पर एफआइआर हुई थी। इसके बाद वह जेल भी गया था।
पहले भी इन मामलों में धूमिल हुई पुलिस की छवि…………
-होली से एक दिन पहले बिलौआ थाने में पकड़े गए ट्रक को छुड़ाने के लिए एक सिपाही गाड़ी मालिक से डील करने का ऑडियो वायरल हुआ तो एसपी ने सिपाही को लाइन भेज दिया।
– इसी तरह से 5 साल पहले सब इंस्पेक्टर सुरुचि शिवहरे का थाटीपुर थाना में एक मामले में पीड़ित से 5 हजार रुपए मांगने का ऑडियो वायरल हुआ। एसपी ने सस्पेंड किया। बाद में इस मामले में पीड़ित गवाही से पलट गया।
– फरवरी 2019 में एसआई सुरुचि का सिरोल थाना प्रभारी के रूप में टोल से गाड़ियां निकालने का वीडियो वायरल होने पर उन्हें हटाया गया।
-रेत को लेकर झांसी रोड में सिपाही का रेत माफियाओं से बातचीत का वीडियो भी वायरल हो चुका है।
इनका कहना……….
मेरे नाम का उपयोग कर विनय भदौरिया रवि तोमर से अड़ीबाजी करना चाही थी। समय पर सूचना मिली उसे पकड़ा गया है। मैं अभी एक महीने पहले आया हूं। उसे जानता तक नहीं हूुं। एक ऑडियो सिपाही रामअवतार का भी सामने आया है। सिपाही को सस्पेंड कर जांच की जा रही है।
–रवि भदौरिया, सीएसपी महाराजपुरा।
सिपाही का ऑडियो सामने आया है। पर यह कब का है मुझे नहीं पता। मुझे इस मामले में कुछ भी जानकारी नहीं है कि पीठ पीछे क्या चल रहा है।
-आलोक सिंह परिहार, थाना प्रभारी हजीरा।
