HomeNews Headlinesकांग्रेस की शिकायत पर चुनाव आयोग ने,BJP सांसद की एसपी बेटी को...

कांग्रेस की शिकायत पर चुनाव आयोग ने,BJP सांसद की एसपी बेटी को हटाया

भोपाल/मध्यप्रदेश………….


विधानसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद चुनाव आयोग ने कड़ा रुख दिखाना शुरू कर दिया है। चुनाव से पहले मंत्रियों और सांसद के रिश्तेदार अधिकारियों को चुनाव आयोग ने हटाना शुरू कर दिया। राजगढ़ पुलिस अधीक्षक सिमाला प्रसाद को आयोग के निर्देश पर गृह विभाग ने गुरुवार को हटा दिया। उनकी जगह 2009 बैच के अफसर प्रशांत खरे को पदस्थ किया गया है। वे अभी विशेष सशस्त्र बल की सातवीं वाहिनी में सेनानी हैं। माना जा रहा है कि प्रसाद के खिलाफ यह कार्रवाई प्रदेश कांग्रेस की जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की फोटो ट्वीट करने को लेकर की गई है। वे भिंड से भाजपा सांसद डॉ. भागीरथ प्रसाद की बेटी हैं। गृह विभाग ने 2011 बैच की आईपीएस अफसर सिमाला प्रसाद को सहायक पुलिस महानिरीक्षक पुलिस मुख्यालय में पदस्थ किया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वीएल कांताराव ने बताया कि चुनाव आयोग ने राजगढ़ पुलिस अधीक्षक को हटाने के निर्देश दिए थे। वहीं, नए एसपी के लिए गृह विभाग ने पैनल भेजा था, जिसमें प्रशांत खरे का नाम पर अनुमति मिली है।



कांग्रेस ने चुनाव आयोग से शिकायत की थी………….


आयोग से मार्गदर्शन मिलने के बाद गृह विभाग ने तबादला और पदस्थापना आदेश जारी कर दिए। माना जा रहा है कि प्रसाद के खिलाफ यह कार्रवाई कांग्रेस की उस शिकायत के बाद की गई है, जिसमें जेपी धनोपिया ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जनआशीर्वाद यात्रा का फोटो ट्वीट करने का आरोप लगाया था। साथ ही यह भी कहा था कि वे भाजपा सांसद डॉ. भागीरथ प्रसाद की बेटी हैं।


चुनाव से पहले और कई अफसरों पर गिर सकती है गाज………..


आयोग के निर्देश हैं कि सांसद और विधायकों के रिश्तेदारों को चुनाव में फील्ड पोस्टिंग नहीं दी जा सकती। ऐसे अफसरों को जिले से हटाना था, लेकिन शासन ने ऐसे कुछ पुलिस अधीक्षकों अंशुमान सिंह (देवास), सिमाला प्रसाद (राजगढ़) और विवेक राज सिंह (सिवनी) को जिलों से नहीं हटाया था। सिमाला प्रसाद भिंड से भाजपा सांसद भागीरथ प्रसाद की बेटी हैं। उन्हें पीएचक्यू भेज दिया है। मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि इस समय जनसपंर्क मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के रिश्तेदार आईएएस अधिकारी नगर निगम आयुक्त भोपाल अविनाश लवानिया, जबकि रीवा पुलिस अधीक्षक सुशांत सक्सेना को मंत्री राजेंद्र शुक्ल (स्थानीय विधायक) का करीबी बताया जा रहा है। इन अफसरों के खिलाफ विपक्ष शिकायत करने की तैयारी कर रहा है। अंशुमान को पिछले विधानसभा चुनाव में पुलिस अधीक्षक (साउथ) भोपाल के पद से हटाया गया था। वे गुढ़ विधानसभा सीट से पिछले चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे नागेंद्र सिंह के रिश्तेदार हैं। इस बार भी अंशुमान ने देवास जिले से हटने की आशंका जताई थी, पर पुलिस मुख्यालय ने इसे नजरंदाज कर दिया। वहीं तीन साल के लिए प्रतिनियुक्ति पर लाए गए विवेक राज सिंह केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक के भांजे हैं। इधर, विपक्ष ने इन अफसरों की शिकायत चुनाव आयोग में करने की तैयारी कर ली है। जल्दी ही और भी कई अफसरों के तबादले हो सकते हैं।

Live Share Market :
- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!