भोपाल/मध्यप्रदेश………
शाहजहांनाबाद पुलिस ने एक हवाला कारोबारी जयकिशन किंगरानी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से साढ़े आठ लाख रुपए नगद बरामद किए हैं।
आरोपी अपनी एक्टिवा गाड़ी की डिग्गी में लाखों रुपए रखकर किसी को देने जा रहा था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को दबोचकर नगदी बरामद कर ली है।
आरोपी हवाला कारोबारी अपने बयान बदल-बदलकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है।
बरामद रकम के बारे में कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकने के कारण पुलिस ने सीआरपीसी की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
फिलहाल आरोपी को आयकर विभाग के हवाले कर दिया गया है।
आरोपी दिखावे के लिए साधारण कर्मचारी बनकर करता था काम…….
आरोपी का नाम जयकिशन किंगरानी (31) निवासी ओम अपार्टमेंट प्रभु नगर ईदगाह हिल्स बताया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी दिखावे के लिए मंगलवारा के एक पान मसाला दुकान पर कर्मचारी के रूप में काम करता है लेकिन उसका असली काम हवाला की रकम यहां से वहां पहुंचाना है।
पुलिस को गुमराह करते हुए आरोपी जयकिशन उक्त रकम बैंक से लोन लेना और लोन की रकम बैरागढ़ में किसी साधवानी को देने जाना बता रहा है।
कभी वह कहता है कि यह रकम मंगलवारा, कोतवाली और हनुमानगंज के व्यापारियों से कलेक्शन कर एकट्ठी गई है। लेकिन दोनों ही मामलों में वह किसी प्रकार के कागजात पेश नहीं कर पाया है। लिहाजा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हवाला का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
क्या है मामला……….
पुलिस के मुताबिक सोमवार 12 मार्च की रात करीब पौने 12 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि एक हवाला कारोबारी लाखों रुपए की नगदी लेकर जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर ईदगाह हिल्स स्थित प्रभु नगर चौराहे के पास पानी की टंकी के नीचे से एक्टिवा सवार युवक को हिरासत में लेकर तलाशी ली उसकी गाड़ी की डिग्गी में रखे बैग से साढ़े 8 लाख रुपए नगद बरामद हुए।
बरामद रकम में दो हजार से लेकर 500, 200, 100 और 50 के नोट शमिल हैं।
