भोपाल/मध्यप्रदेश………
आज राजधानी में चार हथियार बंद बदमाशों ने एक रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर व उनकी पत्नी को घर में बंधक बनाकर लूट लिया। आरोपियों ने लूटपाट के दौरान वृद्ध फरियादी के साथ जमकर मारपीट भी की है।
आरोपियों ने आधा घंटा घर में तांडव मचाने के बाद अलमारी में रखी, एक सोने की चेन, सोने के टॉप्स, एक जोड़ चांदी की पायल, एक हाथ घड़ी सहित पांच हजार की नकदी लूट ली,लूटे गए माल की कुल कीमत पचास हजार रूपये बताई जा रही है।
क्या है घटना…….
एएसआई पेगराम इनवाती के अनुसार कृष्णा पांडे पुत्र स्व दरबारी (62) साल निवासी मकान नंबर 58 सांई नगर नीलबढ़ रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर हैं।
यहां वह अपनी पत्नी और एक बेटे के साथ रहते हैं। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब ढाई बजे उनके घर में एक खिडक़ी की ग्रील काटकर चार बदमाश दाखिल हुए थे। आरोपियों ने अंदर दाखिल होते ही वृद्ध कृष्णा पांडे को बंधक बनाया और घर में कितने सदस्य हैं, इस बात की जानकारी मांगी।
फरियादी ने अपनी पत्नी रूपाली पांडे का रूम बदमाशों को दिखाया। आरोपियों ने नींद से उठाते ही महिला का मुह दबा दिया। इसके बाद बदमाशों ने अलमारी की चाबियां मांगी। बाद में आरोपियों ने एक अलमारी में रखे सोने चांदी के जेवरात और पांच हजार की नकदी एक कपड़े में बांध ली। दूसरी अलमारी को चेक करने पर उसमें सिर्फ कपड़े मिले जिसके बाद आरोपी वृद्ध दंपति को जान से मारने की धमकी देकर मेन गेट को बाहर से लॉक कर फरार हो गए।
लापरवाही के चलते डीआईजी ने TI को सस्पेंड किया………
रातीबढ़ पुलिस ने इस मामले में साधरण चोरी का प्रकरण दर्ज किया था। जिसके बाद डीआईजी धर्मेंद्र चौधरी ने रातीबढ़ थाने के प्रभारी अशोक गौतम को निलंबित कर दिया है। 24 घंटे बाद भी आरोपियों का कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है।
एक बाद एक दनादन घटती वारदातों से दहशत……..
राजधानी पुलिस की तमाम मुहीम इन दिनों बदमाशों पर पूरी तरह से बेअसर साबित हो रही हैं।
रविवार देर रात पत्नी के साथ सोए युवक की गला रेतकर घर में हत्या कर दी गई।
इससे पूर्व में गुरूवार-शुक्रवार की दरमियानी रात अवधपुरी इलाके में वृद्ध नायर दंपति की गलारेतकर हत्या कर दी गई थी।
वहीं शनिवार दोपहर को गौतम नगर इलाके में रहने वाली छात्रा ने मनचले की प्रताडऩा से तंग आकर खुदकुशी कर ली थी।
बागसेवनिया में सात साल की मासूम के साथ ज्यादती का मामला सामने आया, वहीं शाहपुरा में डरा धमकाकर किशोरी से रेप कर दिया गया। इस मामले का खुलासा पीडि़ता द्वारा प्रेग्नेंट होने पर हुआ था।
इधर तलैया क्षेत्र में रविवार को एक व्यापारी के साथ लूट कर ली थी। निशातपुरा में ट्रैवल्स संचालक द्वारा रंगदारी न देने से नाराज होकर बदमाशों ने शनिवार को उसकी धुनाई कर दी थी।
इन तमाम घटनाओं ने शहर को हिला दिया है। लोग घरों से निकलने में असुरक्षित महसूस करने लगे हैं।
