“बता दें कि निगम अमले ने शीतल एग्रो, साईं बाबा इंडस्ट्री, मूलचंद माधव दास,पवन कुमार बुधामल और कोहिनूर तिल्ली फैक्ट्री को सील कर दिया”
ग्वालियर/मध्यप्रदेश………
शहर में लगातार प्रदूषण फैला रही तिल्ली फैक्ट्रीयों से आमजन लगातार परेशान हैं। पहले भी ये मुद्दा लगातार खबरों में रहा कार्यवाहियां हुई शासन-प्रशासन मुस्तैद हुआ और बाद में ठंडे बस्ते में सारा मामला डाल दिया गया अब एक बार फिर गिरवाई की तिल्ली फैक्ट्रीयों द्वारा प्रदूषण फैलाने का मामला संज्ञान में आया है।
मामला शहर के दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में गिरवाई और हारकोटा सीर क्षेत्र का है जहाँ स्थित तिल्ली फैक्ट्रियों से हो रहे प्रदूषण से स्थानीय लोग परेशान हैं। फैक्ट्रियों से निकलने वाली बदबू जहाँ वातावरण को प्रदूषित कर लोगों के स्वास्थ्य को ख़राब कर रही है वही फैक्ट्री से निकलने वाला जहरीला और गन्दा पानी आसपास की फसलों को बर्बाद कर रहा है। हालात ये है कि ये गन्दा पानी हेंडपंप और बोरिंग के जरिये लोगो के घरों तक पहुँच रहा है।
निगम अमला पहुँचा था कार्यवाही को………
गौरतलब कार्यवाही करने गए निगम अमले को मौके पर अधिकांश फैक्ट्रियों में तिल्ली की कैमिकल से सफाई होती मिली साथ ही तिल्ली खुले में सूखती मिली। निगम अमला जब कार्यवाही करने लगा तो संचालकों और कर्मचारियों ने विरोध किया लेकिन निगम अमले ने उनकी चलने नहीं दी और पांच तिल्ली फैक्ट्रियों पर ताला लगाकर उन्हें सील कर दिया।
बता दें कि स्थानीय लोग कई बार इसकी शिकायत कर चुके हैं। बीते रोज हुई बारिश में यहाँ के हालात और बिगड़ गए तो लोगों ने फिर शिकायत की। शिकायत के बाद नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा ने उपायुक्त सुशील कटारे को स्वास्थ्य अधिकारी सत्यपाल सिंह चौहान और मदाखलत अधिकारी महेन्द्र शर्मा को दलबल के साथ कार्यवाही के लिए भेजा।

