फतेहाबाद/हरियाणा……….
फतेहाबाद के भट्टू के गांव ढाबीकलां के पास सोमवार दोपहर एक कार नहर की पुलिया से टकरा गई । जिससे कार सवार तीन पुलिसकर्मियों की मौके पर मौत हो गई जबकि एक होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल होमगार्ड को नागरिक अस्पताल व फिर हिसार रेफर कर दिया गया। हादसे में जान गंवाने वाले तीनों पुलिसकर्मी हिसार के रहने वाले थे और सिरसा में तैनात थे। थाना प्रभारी विरेन्द्र सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में भेज दिया गया है। पुलिस आगामी कार्यवाही कर रही है। उधर हादसे की जानकारी मिलते ही भट्टू पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया जहां पर मंगलवार सुबह तीनों के शवों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
क्या है पूरा मामला……………..
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिरसा पुलिस में तैनात कांस्टेबल सुभाष निवासी चुलीकलां हिसार नियमित रूप से प्रत्येक सप्ताह डयूटी के बाद अपनी कार से अपने घर आते थे। उनके साथ ही आदमपुर निवासी कांस्टेबल सुभाष व गांव डोबी निवासी कांस्टेबल नरेंद्र भी अपने-अपने गांव लौटते थे। सोमवार दोपहर को जब तीनों सिरसा से निकलने लगे तो हिसार के गांव बालसमंद निवासी होमगार्ड नरेश ने भी अपने गांव तक गाड़ी में लिफ्ट ले ली। नरेश की तैनाती भी सिरसा में है। चारों लोग कार से सिरसा से हिसार के लिए चले। कार सुभाष चला रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ढाबी कलां के पास नहर की पुलिया के पास उनकी कार नहर की पुलिया से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सुभाष, नरेंद्र और सुभाष की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिया से टकराकर बुरी तरह छतिग्रस्त कार
आसपास के लोगों ने इस हादसे की सूचना पुलिस व स्वास्थ्य विभाग को दी। इस बीच वहां से गुजर रही एक जेसीबी की मदद से गाड़ी की खिड़कियों को खोला गया तब जाकर घायल नरेश व तीनों मृतकों के शवों को बाहर निकाला जा सका। इस बीच स्वास्थ्य विभाग की दो एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल नरेश को पहले भट्टू के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया गया जहां से उसे पहले फतेहाबाद व बाद में हिसार रेफर कर दिया गया।
हादसे में पुलिसकर्मियों की मौत की सूचना मिलते ही भट्टू थानाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह भी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। इस बीच उन्होंने फतेहाबाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों व सिरसा अधिकारियों को घटना की सूचना दी।
