इंदौर/मध्यप्रदेश……………..
मध्यप्रदेश के इंदौर से मंत्री जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी के द्वारा पुलिस सब इंस्पेक्टर के साथ मारपीट और अभद्रता करने का मामला सामने आया है। दरअसल ट्रांसपोर्ट नगर स्थित चेकिंग पॉइंट पर मंगलवार रात एक सब इंस्पेक्टर का मंत्री जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद में नाना ने सब इंस्पेक्टर के साथ अभद्रता और झूमाझटकी की। घटना के बाद सब इंस्पेक्टर ने पहले तो रोजनामचे में रिपोर्ट डाल दी, लेकिन बाद में वे पीछे हट गए। बताते हैं कि घटना के बाद एसआई का मेडिकल भी करवाया गया। हालांकि बुधवार को वे कुछ भी बोलने से बचते रहे। वे दिनभर घर में रहे। इधर, मंत्री पटवारी भी घटना से इनकार करते रहे। उधर, डीआईजी ने कहा कि कुछ हुआ है तो एसआई रिपोर्ट लिखवाने को स्वतंत्र हैंं।

क्या है पूरा मामला…………….
प्राप्त जानकारी के अनुसार,जूनी इंदौर थाने के एसआई प्रदीप यादव ने एक युवक को बिना नंबर प्लेट की बाइक पर जाते हुए रोका तो उसने नाना पटवारी का हवाला देकर रौब झाड़ा। एसआई से उसने नाना की फोन पर बात भी करवाई, लेकिन एसआई ने पहचानने से इनकार कर दिया। बताते हैं कि कुछ ही देर में नाना समर्थकों के साथ वहां पहुंचे और एसआई से बहस की। एसआई से झूमाझटकी हुई। इसमें एसआई का मोबाइल भी टूट गया। समर्थकों व पुलिसकर्मियों ने दोनों को अलग किया। अफसरों तक ये विवाद पहुंचा, पर किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया।
घटना के बाद एसआई यादव ने थाने जाकर रोजनामचे में रिपोर्ट डाल दी। उसमें लिखा, मैं चेकिंग पर था। एक युवक को बाइक की नंबर प्लेट न होने पर रोका तो उसने नाना पटवारी से बात करने को कहा। मैंने मना किया तो एक कार में नाना व कुछ युवक आए। नाना ने आते ही मुझसे बहस की। एसआई सफाई देने लगे और अभद्रता का वीडियो बनाने लगे तो उनका मोबाइल भी छीनकर फेंक दिया। कहासुनी हुई तो उसने मेरे साथ लात-घूंसों से मारपीट की।
इनका कहना……………
नाना के सब इंस्पेक्टर से विवाद या अभद्रता करने की बात गलत है। कुछ लोग इस मामले को जानबूझकर तूल दे रहे हैं। जो बताया जा रहा है, वैसा कुछ नहीं हुआ।
–जीतू पटवारी,खेल एवं उच्च शिक्षा मंत्री,मप्र शासन।
