HomeNews Headlinesबहादुर पुलिसकर्मियों ने सड़क पर तड़प रहें व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया,तमाशबीन भीड़...

बहादुर पुलिसकर्मियों ने सड़क पर तड़प रहें व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया,तमाशबीन भीड़ वीडियो बनाती रही

धौलपुर/राजस्थान……………


राजस्थान के धौलपुर जिले से एक मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां के NH-3 हाईवे पर गुलाब बाग चैराहे के पास एक बाइक सवार व्यक्ति ट्रक के पहिये के नीचे आ गया। मौके पर मौजूद लोगों की संवेदना इतनी मर गई कि सिवाय यातायात पुलिसकर्मियों के कोई भी इंसान का हाथ मदद के लिए नहीं उठा। सभी घायल व्यक्ति का वीडियो बनाते नजर आए और तमाशा देखते रहे।


क्या है पूरा मामला……………..



हादसा 13 नवम्बर का है और हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वायरल हुए वीडियो में एक ट्रक ने बाइक सवार बदन सिंह लोधा को कुचल दिया। ट्रक के आगे के पहिए के नीचे दबे लोधा लोगों से मदद की गुहार लगाते रहे, लेकिन लोग उन्हें नजर अंदाज करते हुए निकलते रहे।

वहीं, कई लोग पास में खड़े होकर उसका वीडियो बनाते रहे। लेकिन उनकी मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। हादसे को देख मौके पर पहुंचे यातायात प्रभारी ने भी लोगों से मदद मांगी, लेकिन कोई भी आगे नहीं आया। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी आए और लहूलुहान हालत में घायल व्यक्ति को निकाल कर उसे टैम्पो से अस्पताल पहुंचाया।

गंभीर घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल से हायर सेंटर रैफर कर दिया। लेकिन उपचार के लिए आगरा ले जाते समय घायल ने रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर ड्राइवर को भी हिरासत में ले लिया हैं।

बताया जा रहा है कि मृतक बदन सिंह लोधा धौलपुर के कासिमपुर गांव के रहने वाले हैं। जो बाइक से होकर गुलाब बाग़ चौराहे से गुजर रहे थे तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।


फरिश्ते बनकर आये पुलिसकर्मियों को SP ने सम्मानित किया……………


तमाशबीन भीड़ के बीच सड़क पर तडपते घायल को फरिश्ते बन कर तुंरत अस्पताल पहुंचाने वाले पुलिसकर्मियों को पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा ने पुरस्कृत किया। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया है कि गुलाब बाग चौराहे के पास सर्विस रोड पर एक सामान से भरे हुए ट्रक नम्बरी आरजे-11 जीबी 1640 के ड्राइवर ने बदन सिंह लोधा निवासी राजाखेडा बाईपास धौलपुर को टक्कर मार दी थी जिससे वो बुरी तरह कुचल गये थे। जिनके घायल होने पर यातायात पुलिस धौलपुर के उप निरीक्षक श्री रमेश सिंह प्रभारी यातायात शाखा, हैड कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह व कांस्टेबल सुभाष ने बिना किसी देरी के अपने कर्तव्य का पालन करते हुए एवं मानवता का परिचय देते हुए तत्काल प्राइवेट वाहन से इलाज हेतु सदर अस्पताल धौलपुर में पहुंचाया इसलिए उक्त पुलिसकर्मियों के सराहनीय कार्य को देखते हुये एवं भविष्य में उनके उत्साह बर्धन के लिए उप निरीक्षक रमेश सिंह को 251 रुपये नकद मय प्रशंसा पत्र एवं हैड कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह को 151 रुपये नकद मय प्रशंसा पत्र और कांस्टेबल सुभाष गिरी को 101 रुपये नकद मय प्रशंसा पत्र के प्रदान किये गये है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सड़क पर घायलों की जान बचाई जा सके इसके लिए सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट गाइड लाइन तय कर दी है कि सड़क पर दुर्घटना में घायल लोगों को कोई भी व्यक्ति इलाज के लिए उसे अस्पताल पहुंचाएगा तो पुलिस उससे किसी प्रकार की पूछताछ नहीं करेगी। बल्कि घायल व्यक्ति की जान बचने पर सरकार उसको पुरस्कृत करेगी। इसलिए यदि सड़क में कोई भी व्यक्ति घायल मिले तो उसे जरूर अस्पताल तक पहुंचाएं ताकि उसकी जान बच सके।

Live Share Market :
- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!