रतलाम/मध्यप्रदेश।
रतलाम में गुरुवार को एक महिला सब इंस्पेक्टर की जहर खाने से मौत हो गई। बुधवार को स्टेशन रोड थाने में पदस्थ कविता सोलंकी ने जहर खा लिया था। जिसके बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला सब इंस्पेक्टर स्टेशन रोड थाने की महिला हेल्प डेस्क प्रभारी थी। कविता सोलंकी मंदसौर जिले के सीतामऊ की रहने वाली थी। सूचना मिलने के बाद कविता के परिजन रतलाम पहुंचे थे। सब इंस्पेक्टर ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उन्होंने शादी नहीं होने की वजह से आत्महत्या किये जाने का जिक्र किया है।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,सब इंस्पेक्टर कविता सोलंकी स्टेशन रोड थाना में महिला डेस्क प्रभारी के रुप में पदस्थ थीं। रतलाम एसपी गौरव तिवारी ने बताया कि कविता सोलंकी 3 जुलाई से अवकाश पर थीं, 7 जुलाई को उन्हें थाना में आमद देना था। जहां उन्होंने अपने सरकारी निवास पर जहरीला पदार्थ खा लिया था।
कल शाम को उन्होंने आरक्षक को फोन कर बताया कि उन्हें उल्टी हो रही है। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान आज उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक एसआई का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। जहां परिजन के साथ पुलिस के आला अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे थे।
इनका कहना
एसपी के मुताबिक कविता सोलंकी ने माता-पिता के नाम लिखा एक सुसाइड नोट छोड़ा है जिसमें उन्होंने 35 साल की उम्र हो जाने के बावजूद शादी नहीं होने का जिक्र किया है। शादी नहीं होने की वजह से वो डिप्रेशन में थी और उन्होंने सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली।
