HomeBreaking Newsकर्तव्य की बलिवेदी पर शहीद हुए टीआई:शव निकालने के दौरान नदी में...

कर्तव्य की बलिवेदी पर शहीद हुए टीआई:शव निकालने के दौरान नदी में डूबने से TI राजाराम वास्कले की मौत

बता दें कि राजाराम वास्केल बड़वानी जिले के अंजड़ थाना क्षेत्र के ग्राम कुहिडिया के रहने वाले थे, राजाराम पिछले 2 साल से देवास जिले के नेमावर थाने में पदस्थ थे। वह 2012 में पुलिस विभाग में सब इंस्पेक्टर के पद पर चयनित हुए थे, साल 2021 में वह पदोन्नत होकर टीआई बने थे। देवास जिले में वह नेमावर के पहले उदयनगर थाना प्रभारी थे।


देवास/मध्यप्रदेश।

मध्यप्रदेश देवास जिले के नेमावर थाने में पदस्थ टीआई राजाराम वास्कले की नदी में डूबने से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टीआई जामनेर नदी में किसी शव के मिलने की सूचना पर वे वहां पहुंचे थे। सीएम श‍िवराज और डीजीपी ने उनके न‍िधन पर शोक जताया है। बताया जाता है कि पानी में कूदकर शव निकालने की कोशिश में वे खुद डूबने लगे। इसी बीच वहां मौजूद पुलिस बल और लोगों ने उन्हें निकालने की कोशिश की।

क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,टीआई को सूचना मिली थी कि जामनेर नदी पर बने स्‍टाप डैम में एक शव पड़ा हुआ है। इसके बाद उन्‍होंने पानी में कूदकर शव निकालने का प्रयास किया, लेकिन वे खुद नीचे फंस गए। मौके पर मौजूद जवानों और ग्रामीणों ने रस्‍सी की मदद से उन्‍हें निकाला और उपचार के लिए अस्‍पताल पहुंचाया।

मशक्कत के बाद उन्हें निकाला गया और इलाज के लिए हरदा ले गए। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। टीआई की मौत की सूचना से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन पर अधिकारियों-कर्मचारियों ने दुःख व्यक्त कर संवेदना जताई है। बताया जा रहा है कि वास्कले उज्जैन में भी पदस्थ रह चुके थे। उनकी कार्यशैली की वरिष्ठ अफसर भी प्रशंसा करते थे।

अच्‍छे तैराक थे टीआई राजाराम वास्‍कले

बता दें कि 40 वर्षीय वास्कले मूल रूप से बड़वानी जिले के निवासी थे। पिछले दो साल से नेमावर थाने में पदस्थ थे। परिवार में पत्नी और छोटा बेटा है। करीब एक माह पहले ही बेटी का जन्म भी हुआ है। वास्कले उज्जैन सायबर क्राइम में भी पदस्थ रह चुके थे। अपनी कार्यशैली के कारण उनकी विशिष्ट पहचान थी। वास्कले अच्छे तैराक थे, लेकिन भंवर होने के कारण निकल नहीं सके। पुलिस विभाग के अधिकारियों ने घटना पर दुख जताया है।

एक माह पहले ही बेटी के पिता बने थे राजाराम

नेमावर थाना प्रभारी राजाराम के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार में पत्नी, उनकी एक माह की बेटी और 4 साल का बेटा है। कुछ दिनों पहले ही राजाराम वास्कले बेटी के पिता बने थे। थाना प्रभारी राजाराम वास्कले के करीबी लोगों की माने तो टीआई बेहद ही हंसमुख और मिलनसार संवेदनशील अधिकारी थे। वे एक अच्छे तैराक भी थे। टीआई वास्कले की मौत से नेमावर और पुलिस महकमे में शोक का माहौल है।

सांसद के खिलाफ दर्ज कराई थी एफआईआर

उज्जैन में राजाराम रास्कल उपनिरीक्षक के पद पर पदस्थ थे। उस समय उनकी पदस्थी महाकाल थाने में थी। चार वर्ष पहले लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लग चुकी थी। उस समय उज्जैन-आलोट संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ चिंतामणि मालवीय से महाकालेश्वर मंदिर में प्रवेश को लेकर उनकी कहासुनी हो गई थी।

डॉ मालवीय के अशोभनीय व्यवहार के चलते वास्कले ने महाकाल थाने में उनके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित महाकालेश्वर मंदिर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करवा दिया था। उस समय प्रदेश में और केंद्र में बीजेपी की सरकार थी। इसके बाद उपनिरीक्षक राजाराम वास्कले का नाम प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश में छा गए थे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने टीआई के परिवार को 1 करोड़ रुपए की सम्मान निधि देने की बात कही है

इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए सीएम शिवराज ने सम्मान निधि देने का ऐलान किया है। सीएम शिवराज ने कहा कि टी आई स्वर्गीय राजाराम वात्सले के परिवार को 1 करोड़ की सम्मान निधि दी जाएगी। इतना ही नहीं उनका राजकीय सम्मान से साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

 

11 साल की नौकरी में दो एनकाउंटर,27 नाबालिगों को छुड़ाया

राजाराम 2011 में पुलिस में एसआई के पद पर नियुक्ति हुए थे। 2012 में सागर के बीना में उनकी पहली पोस्टिंग हुई। उनके कार्य को अधिकारियों ने पसंद किया। नौकरी के शुरुआती दिनों में यूपी और एमपी की बार्डर पर स्थित बीन में ट्रैक्टर चोरी की वारदातों का पर्दाफाश किया। वे इंदौर तथा उज्जैन रेंज में भी रहे, जहां कई बड़ी वारदातों का पर्दाफाश करने में उन्हें सफलता मिली।

राजाराम वास्कले ने उज्जैन जिले में पदस्थ रहते हुए दो एनकाउंटर किए। उदयनगर थाना क्षेत्र से अपहृत हुए 27 नाबालिगों को तलाशकर उनके घर तक पहुंचाने में कामयाबी हासिल की। उस काम को उन्होंने लगनपूर्वक निभाया।

अंतिम दर्शन के लिए जुटी नेता, अफसर और ग्रामीण

बड़वानी जिले के राजपुर में वास्कले का अंतिम संस्कार किया जा रहा है। उनकी शव यात्रा घाट पर पहुंच चुकी है, जहां अंत्येष्टि की प्रक्रिया की जा रही है। इस दौरान राजपुर विधायक पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन, कैबिनेट मंत्री बड़वानी विधायक प्रेम सिंह पटेल, बड़वानी कलेक्टर राहुल फंटिंग, पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोत सहित समस्त जनप्रतिनिधि व प्रशासन अधिकारी मौजूद है। उनके अंतिम दर्शन के लिए गांव के लोगों की भी भीड़ उमड़ पड़ी है। बता दें कि राजाराम वास्कले बड़वानी जिले के मंडवाड़ा स्थित ग्राम कोयडिया के निवासी थे।

शहीद TI वास्कले के संघर्ष का अंतिम वीडियो वायरल

 

Live Share Market :
- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!