बता दें कि आबकारी सिपाही को गोली मारने वाले शराब तस्कर और उसके दो साथियों को हजीरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शराब तस्कर की गिरफ्तारी पर एसपी अमित सांघी ने 5 हजार रूपए का इनाम घोषित किया था अभी इसके तीन साथियों की तलाश जारी है।
ग्वालियर/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में दो दिन पहले कार्रवाई करने पहुंचे आबकारी अमले पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपित सोनू पाल सहित 3 को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनसे पिस्टल, कारतूस व स्कूटर मिला है। इनके 3 साथियों के भी नाम मिल गए हैं। उनकी भी तलाश में टीमें रवाना की है।
क्या था पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,हजीरा के कांचमील में मंगलवार को आबकारी विभाग की टीम अवैध शराब का धंधा करने वाले सोनू पाल पुत्र बाबा पाल के घर दबिश देने पहुंची थी। दबिश में टीम के हाथ कुछ नहीं लगा था। पर जब टीम वापस लौट रही थी। तब सोनू पाल व उसके साथियों ने आबकारी टीम पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थी। जिसमें 2 गोली अमले की कार में एक गोली आरक्षक संजय भदौरिया की पीठ को छूकर निकल गई थी। इस मामले में हजीरा पुलिस ने घायल सिपाही की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। गुरुवार को इस मामले में पुलिस को सफलता मिली है। मुख्य आरोपित सोनू पाल, उसके साथी मोनू गुर्जर व करन गोविल को गिरफ्तार कर लिया है। शेष तीन आरोपित फरार है। उनकी भी तलाश की जा रही है।
