मुरैना/मध्यप्रदेश।
जब पुलिस की खाकी वर्दी पहनने वाले ही इस तरह की हरकत करेंगे तो आमजनता को पुलिस से विश्वास पूरी तरह हट जाएगा। मध्यप्रदेश के मुरैना पुलिस लाइन में पदस्थ एक आरक्षक का वर्दी को दागदार करने का मामला सामने आया है जहां आरक्षक ने महिला के साथ छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दे दिया।
दरअसल,पुलिस लाइन में पदस्थ कांस्टेबल पर एक महिला ने छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए जान से मारने की धमकी देने का मामला स्टेशन रोड थाना में दर्ज कराया है। पहले भी कई विवादों में शामिल रह चुके आरक्षक पर एफआईआर होने के बाद निलंबत कर गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,आरक्षक राहुल अटारिया शहर के उत्तमपुरा में रमेश यादव के मकान में रहता है। इसी मकान में टीकमगढ़ के जतारा का एक परिवार भी किराए पर रहता है। राहुल अटारिया शराब का आदी है। वह शराब के नशे में उस परिवार के कमरे में घुस गया और किचन में काम कर रही महिला के साथ छेड़छाड़ कर दी। छेड़छाड़ करने पर महिला ने शोर मचाया। उसी दौरान महिला का पति भी वहां आ गया। महिला ने अपने पति से पूरी बात बताई। जिस पर दोनों में पहले झगड़ा हुआ। इसी दौरान आरक्षक ने उसे जान से मारने की धमकी दे डाली। इस पर घबराकर महिला रात को स्टेशन रोड थाने पहुंची तथा आरक्षक के खिलाफ छेड़छाड़ व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कराया। स्टेशन रोड थाना पुलिस ने रात में ही आरक्षक को गिरफ्तार कर लिया था। उसके बाद उसे सोमवार को जमानत मिल गई। विभाग को जब इस मामले की जानकारी मिली तो विभाग ने उसे निलंबित कर दिया है।
कांस्टेबल का विवादों से पुराना नाता रहा है
गौरतलब है कि,आरक्षक राहुल अटारिया वहीं आरक्षक है जो शुरु से विवादों में रहा है। पहले उसने पुलिस लाइन थाने में पदस्थ आरआई कृष्णपाल सिंह तोमर पर आत्महत्या करने पर विवश करने का आरोप लगाया था। उसने फांसी लगाने की कोशिश की थी तथा सुसाइड नोट भी आरआई के खिलाफ छोड़ा था। इसके बाद उसको पुलिस लाइन से हटाकर रामपुर थाने में पदस्थ कर दिया गया था। वहां मधुमक्खी पालकों से मारपीट व धमकाकर वसूली करने के आरोप उस पर लगे थे। इस पर वहां की भाजपा नेता सरला रावत की शिकायत पर उसे रामपुर से हटाकर पुलिस लाइन में अटैच किया गया था। इसके बाद यह तीसरा मामला सामने आया है।
इनका कहना
1-मुझे झूठा फंसाया गया है। मेरा महिला के पति से झगड़ा हो गया था। जिसकी वजह से उसने मुझ पर झूठा आरोप लगाकर पुलिस में रिपोर्ट लिखाई है। विभाग ने मुझे निलंबित कर दिया है।
–राहुल अटारिया, आरोपी आरक्षक।
2-आरक्षक राहुल अटारिया के खिलाफ महिला की रिपोर्ट पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया गया है। उसे जमानत मिल गई है। आगे की कार्रवाई के लिए मामला भेज दिया गया है।
–आशीष राजपूत, थाना प्रभारी स्टेशन रोड।
