बता दें कि यह कोई पहला मामला नहीं है जब खादी के चरणों में झुक कर खाकी खुद पर फक्र महसूस किया हो। इस दौर में खाकी और खादी की जुगलबंदी पर फिल्म बनाई जाती है। इसकी वजह है कि यदि शहर के मलाईदार थानों में नियुक्ति पाना है तो बिना मंत्री के इच्छा की संभव नहीं है। यही वजह है की खाकी बिना खादी की चमक के नहीं चल पाती इसलिए अच्छा थाना चाहिए तो किसी ना किसी मंत्री का हाथ सिर पर होना जरूरी है।
ग्वालियर/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में पुलिस अफसर खुद के विकास के लिए मंत्री जी के चरणों में गिर गए। दरअसल,शहर के महाराजपुरा में एक पुलिस अफसर प्रदेश के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार भारत सिंह कुशवाह की चरण वंदना करते नजर आया। यह पुलिस अधिकारी महाराजपुरा का सब इंस्पेक्टर हित गोपाल यादव बताया जा रहा है। घटनाक्रम तो एक दिन पहले का है, लेकिन मंत्री के चरणों में ‘खाकी’ के झुकने का यह वीडियो मंगलवार शाम से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में बैकग्राउंड म्यूजिक भी दे रखा है। सोशल मीडिया पर अब इस वाकये को लेकर लोग खूब चुटकी ले रहे हैं। ट्वीटर पर वायरल वीडियो एक यूजर ने यह कैप्शन लिखते हुए शेयर किया कि “ताकी ताकी ताकी रे, मंत्री के चरणों में खाकी रे”।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,सोमवार को उद्यानिकी राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार भारत सिंह कुशवाह शहर में विकास कार्यों का लोकार्पण करने आए थे। पदमपुर खेरिया में भी कार्यक्रम था। वहां मंत्री कुशवाह को पहुंचना था, लेकिन उससे पहले पुलिस पहुंच गई। थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर हित गोपाल यादव की ड्यूटी कार्यक्रम स्थल के गेट पर थी। जैसे ही, मंत्री कुशवाह वहां पहुंचकर कार से उतरे, तभी वहां एसआई यादव पहुंच गए। पहले नमस्ते किया फिर चरण स्पर्श किए। मामले में एसआई हित गोपाल यादव का कहना है कि वह परिवार के सदस्य जैसे हैं, इसलिए सम्मान देता हूं। इससे ज्यादा कुछ कहना नहीं चाहता।
एसआई का आचरण पुलिस के बने नियम के विरुद्ध
बता दें कि तय कार्यक्रम के मुताबिक जैसे ही मंत्री कुशवाह पहुंचे और अपनी कार से उतरे तभी वहां एसआई यादव पहले से ही मौजूद थे। मंत्री जी कार से उतरें तो एआई ने पहले नमस्ते किया फिर उनके चरण वंदन किया। पर वर्दी और कैप में उनका इस तरह चरण वंदना करना उनको कटघरे में जरूर खड़ा कर देता है। एसआई का आचरण पुलिसिंग के बने नियमों के विरुद्ध है। तो अब देखना होगा कि पुलिस के आला अधिकारी एआई के आचरण को लेकर क्या कार्यवाही करते हैं।
