बता दें कि इस घटना को लेकर मृतक आरक्षक के पिता ने थाना प्रभारी पर आरोप भी लगाए हैं। एसपी के समक्ष उनका कहना था कि उनके बेटे की बदल बदल कर लगाई जा रही ड्यूटी के कारण पिछले कुछ दिनों से वह तनाव में था। जिसके कारण यह घटना घटी।
दतिया/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश के दतिया जिले के इंदरगढ़ थाने में पदस्थ आरक्षक ने गुरुवार सुबह ड्यूटी के दौरान खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। थाने में गोली चलने की घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। घटना की तत्काल सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई । इसके बाद मौके पर एसपी वीरेंद्र मिश्रा सहित एसडीओपी अखिलेशपुरी व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।
क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,इंदरगढ़ थाने में पदस्थ आरक्षक विवेक शर्मा की गुरुवार सुबह थाने में पहरे पर ड्यूटी लगाई गई थी। सुबह के समय आरक्षक विवेक शर्मा थाने पहुंचा। जहां कुछ देर ड्यूटी करने के बाद उसने अपनी सरकारी राइफल से अपनी गर्दन में
खुद को गोली मार ली। घटना के दौरान थाने में मौजूद अन्य लोग खून से लथपथ आरक्षक को अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर घटना की सूचना मिलती ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मृतक आरक्षक के स्वजन भी वहां आ गए। बताया जाता है कि आरक्षक विवेक शर्मा मूलतः ग्वालियर निवासी है जो अपनी पत्नी और एक बेटा व बेटी के साथ इंदरगढ़ स्थित गायत्री मंदिर के निकट निवास करता था। पिछले करीब एक डेढ़ साल से वह इंदरगढ़ में ही पदस्थ था।

मृतक की परिजनों ने थाना प्रभारी पर आरोप लगाए हैं उनका कहना है कि आरक्षक पहले बस स्टैंड चौकी पर पदस्थ था बाद में थाना प्रभारी ने उसे थाने का पहरी बना दिया था तब से आरक्षक तनाव में रहने लगा था।
