बता दें कि रविवार की रात एक और युवक पप्पू जाटव की संदिग्ध परिस्थितियों में अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि पप्पू जाटव ने भी बीती रात शराब पी थी। जिसके बाद उसके पेट में दर्द होने के चलते अस्पताल ले जाए जा रहा था, जहां रास्ते में मौत हो गई। अब तक 3 युवकों की मौत हो चुकी है। अवैध शराब के चलते ही एसपी ने पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की है। भिंड पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान ने रौन थाना प्रभारी उदय भान सिंह यादव और शहर कोतवाली थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा और इंदुरखी चौकी बीट पर तैनात 5 जवानों को निलंबित किया है।
भिंड/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश (Madhya pradesh) के भिंड (Bhind) जिले में दो सगे भाईयों समेत तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जहरीली शराब पीने से मौत की आशंका जताई जा रही है। वहीं इस मामले के सामने आने के बाद भिंड पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह ने रौन थाना प्रभारी और शहर कोतवाली थाना प्रभारी समेत इंदुरखी चौकी बीट पर तैनात पांच जवानों को भी को निलंबित कर दिया है। पुलिस अधीक्षक की माने तो बीते दिनों भिंड शहर कोतवाली इलाके के स्वतंत्र नगर के पास अवैध शराब की फैक्ट्री पकड़ी जाने के बाद जानकारी आ रही थी, कि यही शराब रौन थाना इलाके के इंदुरखी गांव तक पहुंची थी।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भिंड के रौन थाना इलाके के इंदुरखी गांव में बीते तीन दिन पहले दो सगे भाइयों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जिसमें जहरीली शराब से मौत की आशंका जताई गई थी। बताया जा रहा है मनीष जाटव और छोटू जाटव ने रात में शराब पी थी, जिसके बाद छोटू जाटव की तबीयत बिगड़ गई, अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
इस पूरे मामले को लेकर भिंड पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह ने रौन थाना प्रभारी उदय भान सिंह यादव और शहर कोतवाली थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा समेत इंदुरखी चौकी बीट पर तैनात पांच जवानों को भी को निलंबित कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक की माने तो बीते दिनों शहर के कोतवाली इलाके के स्वतंत्र नगर के पास अवैध शराब की फैक्ट्री पकड़ी गई थी। जिसके बाद जानकारी आ रही थी, कि यही शराब रौन थाना इलाके के इंदुरखी गांव तक पहुंची थी। यही शराब पीने से तीन लोगों की मौत हो गई थी।
हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर की तो पुष्टि हुई है, लेकिन जहरीली शराब की जांच के लिए मृतकों के बिसरा को जांच के लिए सागर लैब भेजे गए है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
वहीं सूत्रों की माने तो मृतक सगे दोनों भाई मनीष जाटव और छोटू जाटव भिंड के स्वतंत्र नगर में बनाई जा रही अवैध शराब की पैकिंग करने आए थे, स्वतंत्र नगर के पकड़ी गई शराब की फैक्ट्री का मामला काफी तूल पकड़ा था, देहात और शहर कोतवाली थाना प्रभारी एक दूसरे के पाले में मामले को डालते रहे थे। सूत्रों की माने तो मृतक अवैध शराब कारोबार में लिप्त थे, इसी वजह से परिजन किसी प्रकार की शराब मामले में बात नहीं कर रहे हैं।
इनका कहना
पूरे घटनाक्रम में एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान का कहना है की दो थाना प्रभारियों को निलंबित किया गया है। पांच जवान जिनमें आरक्षक, प्रधान आरक्षक, एसआई को लाइन अटैच किया गया है। शराब बनाने वाला एरिया कोतवाली थाने का था या फिर देहात का। इसकी पड़ताल कराई जाएगी। रविवार को पुलिस अफसरों द्वारा तैयार जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई। एक बार फिर से पड़ताल कराई जाएगी।
कांग्रेस ने निशाना साधा:जिले में आबकारी विभाग के संरक्षण में पनप रहा जहरीली शराब का कारोबार

रौन इंदुर्खी गांव में दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत के बाद कांग्रेस ने आबकारी महकमे पर निशाना साधा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मान सिंह कुशवाह ने बयान जारी कर कहा जिले में आबकारी विभाग के संरक्षण में नकली और जहरीली शराब का कारोबार पनप रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों सगे भाइयों की मौत जहरीली शराब पीने हुई है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि कोई कुछ भी कहे, लेकिन हकीकत है कि दोनों भाइयों की जिंदगी सिस्टम की ढील-पोल ने लील ली है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मान सिंह कुशवाह ने कहा मिलावटी शराब पीने से 25 वर्षीय मनीष जाटव, 22 वर्षीय छोटू जाटव शनिवार सुबह मौत हो गई। शिव सिंह जाटव ग्वालियर में जिंदगी और मौत से संघर्ष कर रहे हैं। इसके बावजूद आबकारी विभाग कुंभकरण की नींद से अभी तक जागा नहीं है। जिलाध्यक्ष ने कहा जिले में नकली शराब के कारोबार पर अंकुश नहीं लगाया गया तो कांग्रेस जल्द ही बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने मृतकों के स्वजन को सरकार से मुआवजा दिए जाने की मांग की है। शिव सिंह का इलाज कराने की मांग की है। श्री कुशवाह ने कहा अवैध, मिलावटी शराब के सेवन से जिले में पहले भी दर्जनों लोगों की जान जा चुकी है। इसका खामियाजा बुजुर्ग माता-पिता, नव विवाहिताओं को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा भिंड शहर के अलावा गोरमी, मेहगांव, गोहद, मालनपुर, मौ, अमायन, फूप, रौन, मिहोना, लहार में बड़े पैमाने पर अवैध मिलावटी शराब का कारोबार किया जा रहा है।
