पन्ना/सागर/मप्र।
मध्यप्रदेश में रिश्वतखोर अधिकारी व कर्मचारियों पर लोकायुक्त की दबिश जारी है। घूसखोरों के खिलाफ लोकायुक्त एक्शन मोड में नजर आ रही है।
ताजा मामला मध्य प्रदेश के पन्ना जिले की पवई जनपद से सामने आया है। यहां पर सरपंच पति से सब इंजीनियर अरविंद त्रिपाठी ने 20 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। सागर लोकायुक्त की टीम ने सरपंच की शिकायत पर सब इंजीनियर को 15 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जिसके बाद लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार अधिनियम की धारा 7 के तहत कार्रवाई की।
क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,पन्ना जिले की पवई जनपद पंचायत अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सिमराखुर्द के सरपंच पति से उपयंत्री अरविंद त्रिपाठी ने 20 हजार की रिश्वत खेल मैदान निर्माण के मूल्यांकन करने के लिए मांगी थी। जिसमें से सरपंच पति ने 5 हजार रुपए तीन दिन पहले उपयंत्री को दे दिए थे, फिर भी उपयंत्री काम नहीं कर रहा था। उपयंत्री 15 हजार रुपए और रिश्वत की मांग करने लगा।
जिससे परेशान होकर सरपंच पति राम किशोर पटेल ने सागर लोकायुक्त में उपयंत्री की शिकायत की। शिकायत के आधार पर सागर लोकायुक्त की टीम ने गुरुवार की दोपहर पवई पहुंचकर उपयंत्री अरविंद त्रिपाठी के किराए के मकान में छापे मार कार्रवाई की और 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे पकड़ लिया।
