HomeBreaking Newsलोकायुक्त ने पंचायत सचिव को 40 हज़ार की रिश्वत लेते रंगे हाथों...

लोकायुक्त ने पंचायत सचिव को 40 हज़ार की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा

गुना/ग्वालियर/मप्र।

ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस टीम ने गुना में एक बड़ी कार्यवाही करते हुए ग्राम पंचायत गोपालपुर टंकटैया के पंचायत सचिव देवनारायण शर्मा को 40 हजार रूपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपी सचिव नल-जल योजना का काम हैंडओवर लेने के नाम पर ठेकेदार से 50 हजार रुपए मांग रहा था। ठेकेदार ने ग्वालियर लोकायुक्त से शिकायत कर दी। इसके बाद बुधवार को ठेकेदार सचिव को पैसे देने पहुंचा। टीम ने आरोपी को पैसे लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

क्या है पूरा मामला

पंचायत सचिव देवनारायण शर्मा पर कार्रवाई करती लोकायुक्त पुलिस

प्राप्त जानकारी के अनुसार,शिकायतकर्ता ठेकेदार अरशद खान ने बताया कि उसने ग्राम पंचायत गोपालपुर टंकटैया में नल-जल योजना का काम किया था। करीब 12 लाख रुपए में काम हुआ था। काम पूरा होने के बाद उसे पंचायत को हैंडओवर करना था। इसके एवज में सचिव देवनारायण शर्मा 50 हजार रुपए मांग रहा था। 21 फरवरी को ठेकेदार अरशद खान ने लोकयुक्त से इसकी शिकायत की।
लोकायुक्त टीम के प्रभारी ब्रजमोहन सिंह नरवरिया ने बताया कि ठेकेदार की शिकायत के बाद उन्हें रिकॉर्डर देकर काम पर लगाया गया। उन्होंने सचिव से बात की। 50 हजार रुपए से शुरू हुई मांग का सौदा 40 हजार में तय हुआ। बुधवार को ठेकेदार पैसे देने के लिए हनुमान चौराहे पर पहुंचे। जैसे ही, ठेकेदार ने पैसे दिए। पहले से तैयार बैठी लोकायुक्त की टीम ने सचिव को रंगे हाथों पकड़ लिया।

लोकायुक्त पुलिस की गिरफ्त में आरोपी पंचायत सचिव देवनारायण शर्मा

सचिव को ट्रैप करने वाली टीम में इंस्पेक्टर ब्रजमोहन सिंह नरवरिया, आराधना डेविस, सुरेंद्र यादव, भरत सिंह किरार, प्रधान आरक्षक इकबाल खान, संजय शुक्ला, आरक्षक देवेंद्र पवैया, सुरेंद्र सेमिल, विनोद शाक्य, इंद्रभान सिंह और चालक बलवीर सिंह शामिल रहे।

वीडियो देखें

Live Share Market :
- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!