बता दें कि दुर्घटना की स्थिति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हादस में कार के परखच्चे उड़ गए। घटना से साफ लग रहा है कि हादसे के समय कार की रफ्तार काफी ज्यादा थी। इसके कारण यह भीषण हादसा हो गया। हादसे में कार के सामने का हिस्सा पुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बैतूल/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश के बैतूल में नागपुर-अब्दुल्लागंज नेशनल हाईवे पर नागपुर फोरलेन पर सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस फोरलेन पर छिंदवाड़ा जिले के पांढुर्ना के समीप एक खड़े ट्रक में तेज रफ्तार कार आकर भिड़ गई। इस हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार बैतूल जिले के पाढर पुलिस चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर विनोद शंकर यादव की दर्दनाक मौत हो गई। सहायक उप निरीक्षक दिलीप तांडेकर, आरक्षक नवीन रघुवंशी और एक अन्य आरक्षक गम्भीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस और ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नागपुर के अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया है। इस हादसे के बाद पूरे पुलिस विभाग में शोक छाया हुआ है। बैतूल एसडीपीओ नितेश पटेल रात को ही घटनास्थल पहुंच गए थे। उन्होंने बताया कि मृत सब इंस्पेक्टर का शव छिंदवाड़ा भेज दिया गया है। आसपास के लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।

क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,एसडीओपी नितेश पटेल ने बताया कि चोरी के मामले में दो आरोपितों को रायपुर से पकड़कर लाते वक्त रात करीब ढाई बजे दुर्घटना हुई है। टक्कर में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, हादसा इतना भयानक था कि सब इंस्पेक्टर विनोद शंकर यादव के शव को गैस कटर की मदद से कार के हिस्से काटकर बाहर निकाला गया। एसआइ विनोद यादव कार में सबसे आगे चालक के साथ बैठे थे। बीच की सीट पर तीनों पुलिसकर्मी और सबसे पीछे चोरी के दो आरोपित बैठे थे। दुर्घटना में आरोपितों को भी मामूली चोटें आई हैं।

इनका कहना
बैतूल एसपी सिमाला प्रसाद के मुताबिक पाढऱ चौकी प्रभारी विनोद शंकर यादव 4 सदस्यीय टीम के साथ चोरी के मामले में विवेचना करने रायपुर छत्तीसगढ़ गए थे। 2 दिन से टीम रायपुर में थी। वहां से दो आरोपी को हिरासत में लेकर बैतूल आ रहे रहे थे। चौकी प्रभारी ड्राइवर के बगल में बैठे थे। एएसआई और आरक्षक बीच की सीट पर और आरोपी गाड़ी में सबसे पीछे बैठे थे। हादसे में चौकी प्रभारी की मौत हो गई। एएसआई, दो आरक्षक घायल हुए है। वहीं दोनों आरोपी सुरक्षित हैं और दोनों पुलिस हिरासत में हैं। गाड़ी का ड्राइवर भाग गया है जिसकी तलाश की जा रही है।
