HomeBreaking Newsविनम्र श्रद्धांजलि:मानसिक तनाव के चलते हेड कांस्टेबल ने खुद को गोली मारी,मौत

विनम्र श्रद्धांजलि:मानसिक तनाव के चलते हेड कांस्टेबल ने खुद को गोली मारी,मौत

मुरादाबाद/उत्तरप्रदेश।

उत्तरप्रदेश के मुरादाबाद (Moradabad) जिले में मझोला थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह हेड कांस्टेबल सुनील कुमार ने कनपटी पर गोली मारकर जान दे दी। वह रामपुर ट्रैफिक पुलिस में तैनात थे। परिवार वालों के अनुसार हेड कांस्टेबल बीते कुछ समय से अवसाद में चल रहे थे। मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराके परिजनों को सौंप दिया। एसएसपी ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर निरीक्षण किया। एसएसपी ने इस दौरान मृतक के परिजनों को भी सांत्वना दी।पुलिस ने जांच पड़ताल करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम कराके शव परिजनों को सौंप दिया गया। मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी शकुंतला,बेटे प्रवीण और दिपांशू का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटनास्थल पर रोते बिलखते परिजन

क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,मूलरूप से अमरोहा के रजबपुर थानाक्षेत्र के जमापुर के रहने वाले सुनील कुमार (45) यूपी पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। इन दिनों उनकी तैनाती रामपुर यातायात पुलिस में चल रही थी। उन्होंने मझोला थाना क्षेत्र में सिद्धार्थ नगर गली नंबर 8 में अपना दो मंजिला मकान बनवा लिया था। यहां पत्नी शकुंतला और दो बेटे रहते हैं। परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि शनिवार सुबह करीब नौ बजे सुनील ने अपनी पत्नी शकुंतला को बिस्किट खरीदने के लिए परचून की दुकान पर भेज दिया था, जबकि दोनों बेटे दूसरे कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान सामने वाले कमरे से गोली चलने की आवाज आई थी। उस वक्त पत्नी भी दुकान से लौटकर मेनगेट तक पहुंच चुकी थीं। पत्नी ने देखा तो सामने वाले कमरे में सुनील का खून से लथपथ शव चारपाई पर पड़ा था। जबकि पास में ही तमंचा भी पड़ा हुआ था। शकुंतला की चीख पुकार सुनकर दोनों बेटे भी जाग गए और वह कमरे में आ गए। कुछ ही देर में आस पड़ोस के लोग भी सुनील कुमार के घर में जुट गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मझोला पुलिस मौके पर पहुंच गई और फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाते पुलिसकर्मी

घटनास्थल पर पहुँचकर एसएसपी ने जायजा लिया

घटनास्थल पर जायजा लेते एसएसपी

एसएसपी प्रभाकर चौधरी, एसपी सिटी अमित कुमार आनंद और एसपी यातायात अशोक कुमार भी घटनास्थल पर पहुंच गए। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने परिवार वालों से घटना की जानकारी ली। तब उन्होंने बताया कि हेड कांस्टेबल लंबे समय से अवसाद में चल रहे थे। मानसिक रोग चिकित्सक के यहां से उनका इलाज चल रहा था। मझोला थाना प्रभारी अजय पाल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। तमंचा कब्जे में ले लिया गया है।

इनका कहना

रामपुर में तैनात हेड कांस्टेबल का मझोला थाना क्षेत्र के सिद्धार्थनगर स्थित उनके मकान में गोली लगा शव मिला है। परिवार वालों बताया कि काफी समय से उनका डिप्रेशन का उपचार चल रहा था। उन्होंने खुद ही गोली मारी है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

–प्रभाकर चौधरी, एसएसपी।

Live Share Market :
- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!