टीकमगढ़/मथुरा/मप्र/उप्र।
यमुना एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार सुबह तड़के दर्दनाक सड़क हादसे में एमपी के 3 पुलिसकर्मियों समेत 5 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा इतना भीषण था कि पुलिया से टकराकर बेकाबू हुई बोलेरो दो हिस्सों में बंट गई। सुबह करीब पांच बजे हुए सड़क हादसे के कारण एक्सप्रेस-वे की लाइन को बंद कर दिया गया था। यह घटना मथुरा के थाना सुरीर क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन 80 की है, यहां एक अनियंत्रित बोलेरो पुलिया से जा टकराई। गाड़ी में बैठे सभी पुलिसकर्मी हरियाणा में युवती का अपहरण करने वाले आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश देने जा रहे थे। इस घटना के बाद पुलिस महकमें में शोक की लहर है।
क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले के थाना बडेरा क्षेत्र में पिंटू नाम का युवक एक किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ अपहरण कर ले गया था। आरोपी युवक की लोकेशन थाना बुडेरा पुलिस को हरियाणा के बहादुरगढ़ में मिली थी, जिसके बाद पुलिस युवक को गिरफ्तार करने और लड़की को बरामद करने के लिए थाने में तैनात हेड कॉन्स्टेबल भवानी प्रसाद, कॉन्स्टेबल रतीराम, कमलेश यादव, महिला कॉन्स्टेबल हीरा देवी, आरोपी युवक की बहन प्रीति उसके पति धर्मेंद्र, सुरक्षा समिति के सदस्य रवि को लेकर बोलेरो से बहादुरगढ़ के लिए जा रहे थे।
सुबह करीब 5 बजे अचानक से बोलेरो एक्सप्रेस-वे माइलस्टोन 80 के पास स्थित पुलिया से जा टकराई। गाड़ी में सवार प्रधान आरक्षी भवानी प्रसाद, महिला आरक्षी हीरा देवी, प्राइवेट वाहन चालक जगदीश,पुलिस मित्र रवि कुमार की मौत हो गई,जबकि आरक्षी कमलेंद्र यादव ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, हादसे में मुख्य आरक्षी रतिराम, धर्मेंद्र कुमार और प्रीति गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
गाड़ी में बैठे कॉन्स्टेबल रतीराम की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं कॉन्स्टेबल रतीराम, महिला प्रीति और उसके पति धर्मेंद्र का उपचार औरंगाबाद स्थित अग्रवाल लाइफ लाइन अस्पताल में चल रहा है। तेज रफ्तार से गाड़ी का एक्सीडेंट होने की वजह से कई लोग गाड़ी में ही फंस गए थे, जिन्हें बड़ी मशक्कत से पुलिस और क्षेत्रीय लोगों ने बाहर निकाला।

इनका कहना
एएसपी ग्रामीण श्री चंद्र ने बताया कि, सुबह तड़के थाना सुरीर क्षेत्र के अंतर्गत एक्सप्रेस वे के माइलस्टोन 80 के पास एक बोलेरो पुलिया से टकरा गई थी। जिसमें चार लोगों की मौत हुई है और बाकी घायल लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण गाड़ी चलाने वाले ड्राइवर को नींद आना बताया जा रहा है।
श्रद्धांजलि अर्पित की
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृत पुलिस के जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की है। मध्यप्रदेश के गृह मंत्री ने ट्वीट कर हादसे की जानकारी दी थी।
सीएम श्री चौहान ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं परिजनों को यह शोक सहन करने का संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।
मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल 4 अन्य पुलिसकर्मियों को बेहतर उपचार प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
— CMO Madhya Pradesh (@CMMadhyaPradesh) December 3, 2021
ईश्वर से दिवंगत पुलिसकर्मियों की आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूँ।
ॐ शान्ति!— Dr Narottam Mishra (@drnarottammisra) December 3, 2021
