पीलीभीत/उत्तरप्रदेश।
उत्तरप्रदेश में फेसबुक लाइव आकर पीआरवी 112 में तैनात सिपाही जितेंद्र कुमार ने खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। कार में ही मौके पर उसकी मौत हो गई। सिपाही की आत्महत्या के बाद विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया। जिला अस्पताल पहुंचे एसपी ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं।
अपना दर्द बयां करता आरक्षक का वीडियो देखें
क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,मूलरूप से शामली जनपद का रहने वाला जितेंद्र कुमार ( 27 ) 2016 बैच का सिपाही था और पीलीभीत के बीसलपुर कोतवाली में तैनात था। उसकी पत्नी मुजफ्फरनगर निवासी सरिता भी कुछ दिन पहले ही बिलसंडा थाने से ट्रांसफर होकर बीसलपुर पहुंची थी। दंपति का एक बच्चा भी है। दोनों के बीच अनबन थी और मामला परिवार परामर्श केंद्र तक भी पहुंचा हुआ था। बिलसंडा में भी दोनों की तैनाती के दौरान कई बार विवाद अफसरों तक पहुंचा था। शनिवार दोपहर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर यूपी पुलिस के आरक्षी जितेंद्र ने विभाग पर तमाम संगीन आरोप लगाए और खुद को विभाग से प्रताड़ित बताकर खुदकुशी करने की बात कही। वीडियो में सिपाही
कह रहा था कि जीना नहीं चाहता, खुद कार ड्राइव कर रोते जा रहे जितेन्द्र के साथियों ने फेसबुक पेज पर ही उसे ऐसा न करने को कहा। बिलसंडा और बीसलपुर के इंस्पेक्टरों को सीयूजी पर साथियों ने जब तक फोन किया जितेंद्र ने जिरौनिया पुलिस चौकी के पास खुद को गोली मार ली।
आरक्षी द्वारा खुद को गोली मारे जाने की सूचना जैसे ही पुलिस विभाग को मिली तमाम आला अफसर और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। सिपाही को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद सिपाही को मृत घोषित कर दिया।
पूर्व आईपीएस ने ट्वीट कर सिपाही के मामले में मुकदमा दर्ज करने की मांग की
जिले में शनिवार दोपहर डायल 112 में तैनात सिपाही द्वारा सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर पुलिस प्रशासन पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। इसके बाद सिपाही ने खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। पूरे मामले में रिटायर पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने सिपाही के मामले में पुलिस पर गंभीर आरोप लगाया है और मुकदमा दर्ज कर न्याय दिलाने की मांग की है।
इनका कहना
पीलीभीत के एसपी किरीट कुमार ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि सिपाही द्वारा वीडियो में लगाए गए आरोप निराधार हैं।सिपाही ने यूपी 112 के प्रभारी निरीक्षक से मिलकर 3 दिन का अवकाश मांगा था। स्टाफ की कमी बताकर प्रभारी निरीक्षक ने कुछ दिन बाद छुट्टी जाने की बात कही थी, जिस पर सिपाही असंतुष्ट था। आरक्षी की परेशानी को देखते हुए 3 दिन का अवकाश दे दिया गया था। निराधार आरोप लगाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। पुलिस महकमे में ही तैनात सिपाही की पत्नी से उसका मतभेद चल रहा था, जिसकी कई बार पुलिस अधिकारियों के बीच मध्यस्थता कराई गई है।
थाना बीसलपुर पर तैनात यूपी 112 @112UttarPradesh के आरक्षी जितेंद्र कुमार द्वारा अपने आप को गोली मारकर आत्महत्या करने की घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक @pilibhitpolice की बाइट। @Uppolice pic.twitter.com/nWBT8AGSza
— Pilibhit Police (@pilibhitpolice) May 15, 2021
