बता दें कि जहरीली शराब से जान गंवाने वाले 2 और आंखों की रोशनी गंवाने वाले चारों लोग खेरिया और चंदू पुरा गांव के निवासी थे। हादसे में विजय परिहार और प्रदीप परिहार की मौत हो चुकी है। वहीं उनके साथियों बंटी रजक,तेज सिंह चंद्रपाल और लालू माहोर की आंखों की रोशनी पर बड़ा असर पड़ा है।
ग्वालियर/मध्यप्रदेश।
पड़ोसी जिले भिंड के लहार में जहरीली शराब (poisonous liquor) पीने से 5 लोगों की मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि ग्वालियर में जहरीली शराब से 2 की जान चली गई और 4 लोगों ने अपनी आंखों की रोशनी खो दी।
चंदपुरा (थाना महाराजपुरा वार्ड क्रमांक-62) के बुधवार को प्रदीप परिहार व विजय परिहार की जहरीली शराब पीने से मौत हो गई। गांव के ही चार लोगों की हालत बिगड़ने पर उन्हें जेएएच के आइसीयू में भर्ती कराया है। प्रशासन भी अस्पताल के आईसीयू में पहुंचा है। वहीं डाक्टरों ने स्थिति क्लियर नहीं की है।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,पूर्व सरपंच पप्पू गुर्जर व चौधरी जबर सिंह ने बताया कि मंगलवार की रात को चंदुपुरा खेरिया गांव में निवास करने वाले प्रदीप पुत्र सुल्तान परिहार, विजय पुत्र कमल परिहार, बंटी पुत्र सरनाम, राकेश पुत्र छोटेलाल, तेज सिंह पुत्र जंगा जाटव, चंद्रभान पुत्र बाबूलाल की हालत बिगड़ गई। यह लोग भाइदौज पर किसी अवैध शराब के अड्डे से पीकर आए थे। इन लोगों को पहले जिला चिकित्सालय मुरार इलाज के लिए लेकर आए। इनकी हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जेएएच रैफर कर दिया गया।जेएएच में इन्हें आइसीयू में भर्ती किया गया। हालांकि गांव के लोगों का कहना है कि यह पता नहीं है यह लोग कहां से पीकर आए थे, लेकिन डाक्टर को इन लोगों ने बताया कि यह लोग मालनपुर जिला भिंड से शराब पीकर आए थे।
विजय परिहार की मौत की बुधवार की सुबह हो गई थी। परिवार के लोगों ने बगैर पीएम कराये शव का अंतिम संस्कार कर दिया। जबकि प्रदीप परिहार की मौत रात में हुई है। प्रदीप की मौत के बाद हंगामा मचा है। जेएएच की सूचना पर कंपू थाना पुलिस ने प्रदीप की मौत जहरीली शराब से होने की सूचना पर शून्य पर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस ने प्रदीप के शव का डाक्टरी परीक्षण कराने के बाद स्वजन को सौंप दिया है।
प्रशासनिक उदासीनता के चलते अवैध शराब के अड्डे बदस्तूर जारी
एडीएम एडिशनल, एसपी सीएसपी सहित कई अधिकारी जहरीली शराब से आंखों की रोशनी गंवाने वाले लोगों से मिलने जिला अस्पताल पहुंचे हैं। एडिशनल एसपी ने कहा कि मामले की चल रही है। वहीं अन्य अधिकारियों ने फिलहाल मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया है। हैरानी की बात यह है कि इससे पहले जनवरी में मुरैना में बड़ा हादसा हुआ था जिसमें 27 लोगों की जान चली गई थी वही भिंड में भी 5 लोगों की जहरीली शराब पीने से मौत हो चुकी है। प्रशासनिक उदासीनता के चलते अवैध शराब के अड्डे बदस्तूर जारी हैं। प्रशासन कुछ समय के लिए सक्रिय हुआ था अब फिर से मामले में ढील पोल बरती जा रही है। इसी का नतीजा यह तीसरा बड़ा शराब कांड है। मामले के सुर्खियां बनने के बाद जिला कलेक्टर अस्पताल पहुंचे उन्होंने शराब की अधिक मात्रा पीने से एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है दूसरे व्यक्ति के बारे में उन्होंने कहा है कि वह इस मामले की जांच करवाएंगे। हालांकि उन्होंने जहरीली शराब पीने से मौत होने की पुष्टि नहीं की है और जांच की बात कही है।
कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधा
वहीं कांग्रेस नेता केके मिश्रा ने जहरीली शराब से हो रही मौतों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि भिंड जिले के लहार में जहरीली शराब से 5 मौतों के बाद ग्वालियर के थाना महराजगंज में भी अभी दो मौतें हो गई,4 की आंखों की रोशनी गई!! सरकार,कहां हैं अपराधियों,माफियाओं के ख़िलाफ़ 10 फीट गड्ढा,कब- कहां गढ़ेंगे,कब प्रदेश छोड़ेंगे?? अब तो तारीख़ बता दीजिये।
भिंड जिले के लहार में जहरीली शराब से 5 मौतों के बाद ग्वालियर के थाना महराजगंज में भी अभी दो मौतें हो गई,4 की आंखों की रोशनी गई!! सरकार,कहां हैं अपराधियों,माफियाओं के ख़िलाफ़ 10 फीट गड्ढा,कब- कहां गढ़ेंगे,कब प्रदेश छोड़ेंगे?? अब तो तारीख़ बता दीजिये @ChouhanShivraj @OfficeOfKNath
— KK Mishra (@KKMishraINC) April 1, 2021
