मुरैना/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश की मुरैना पुलिस का एक नया चेहरा सामने आया है। जहां पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश की है। मुरैना पुलिस के रक्षित निरीक्षक डॉ. कृष्णप्रताप सिंह (केपी सिंह ) ने छत्तीसगढ़ से भटकी एक महिला को उसके घर पहुंचाने की तैयारी कर ली है। बता दें कि एक वृद्ध महिला जिसकी उम्र करीब 65 वर्ष है, जिसका नाम द्वारका है, वो भटकते हुए छत्तीसगढ़ के राजनंदगांव से मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में पहुंच गई थी। मुरैना पुलिस के इस कार्य की लोग काफी सराहना कर रहे है। साथ ही एक भटकी हुई वृद्ध महिला की दुआएं भी मुरैना पुलिस को मिल रही है। दरअसल आरआई पुलिस ने सोशल मीडिया और अन्य तकनीक का सहारा लेते हुए वृद्ध महिला के घर का पता लगाया है, जो अपने आप में एक बड़ा कार्य है।एसपी अनुराग सुजानिया ने बताया कि बुजुर्ग महिला का परिवार मुरैना आने में असमर्थ है इसलिए महिला आरक्षक के साथ एक या दो दिन में बुजुर्ग महिला को राजनंदगांव के चिखली तक भिजवाया जाएगा।
क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,छत्तीसगढ़ से मध्यप्रदेश के मुरैना पहुंची वृद्ध महिला जिले की सड़कों पर भीख मांग कर अपना गुजारा कर रही थी, जिस पर कुछ समाजसेवियों की नजर पड़ी और उन्होंने वृद्ध महिला को एक वृद्धाश्रम में पहुंचाया। जब यह बात मीडिया के जरिए मुरैना पुलिस तक पहुंची, तो मुरैना पुलिस में पदस्थ आरआई केपी सिंह ने वृद्ध आश्रम में खुद जाकर वृद्ध महिला से बातचीत की। जहां आरआई को पता चला है कि वृद्ध महिला जून के महीने में अचानक रास्ता भटक कर मुरैना पहुंच गई है।
जब आरआई ने वृद्ध महिला से बात की तो महिला छत्तीसगढ़ी में बोल रही थी, जिसकी भाषा मध्यप्रदेश में कम ही लोगों को समझ में आती है। जिसके कारण महिला को कोई नहीं समझ पाया। लेकिन आरआई ने वृद्ध महिला की बात सुनी और समझे भी। तब उन्हें पता चला कि वह महिला छत्तीसगढ़ के राजनंदगांव जिले के चिखली गांव की निवासी है। जिसके बाद आरआई ने राजनंदगांव के कुछ युवाओं से संपर्क किया और वृद्ध महिला के बारे में जानकारी जुटाने के लिए कहा।
15 हजार से अधिक लोगों की वोटर लिस्ट सर्च की
राजनंदगांव के युवाओं ने चिखली गांव के सोशल मीडिया ग्रुप के जरिए वृद्ध महिला का पता लगाया, जिसमें कुछ समय पहले ही महिला की गुमशुदगी को लेकर फोटो और डिटेल डाली गई थी। बता दें कि पुलिस के द्वारा राजनंदगांव जिले के चिखली गांव पंचायत के करीब 15 हजार से अधिक लोगों की वोटर लिस्ट निकाली गई, जिसके बाद वृद्ध महिला की बहू और बेटे की जानकारी मिल पाई।
इनका कहना
इस दौरान आरआई केपी सिंह ने बताया कि आम लोगों को भी असहाय गरीब बुजुर्गों की मदद करनी चाहिए। साथ ही उनके प्रति हमेशा संवेदनाएं रखनी चाहिए। ऐसे ही अगर बुजुर्गों की मदद की जाए तो कोई भी बुजुर्ग या अन्य व्यक्ति बेघर नहीं होगा। आरआई ने कहा कि वृद्ध महिला के घर वालों को भी जानकारी दे दी गई है, वहीं वृद्ध महिला घर जाने वाली बात सुनकर काफी खुश हुई, साथ ही आरआई को दुआएं दे रही है।
