बता दें कि मऊ जिले के चिरैयाकोट चौकी पर तैनात सिपाही संदीप यादव की रविवार दोपहर रामनारायण यादव की बेटी से सगाई हुई थी। शाम को होने वाली साली की शादी में शिरकत करने सिपाही संदीप अपने चचेरे भाई अखिलेश और पड़ोसियों के साथ पट्टी के कुन्दनपुर गांव गए थे। वहां सुप्रिया यादव की शादी में शामिल होने के बाद सभी बोलेरो सवार पांच युवक घर वापस लौट रहे थे। घर से 14 किलोमीटर पहले ही बोलेरो कार हादसे का शिकार हो गयी।
प्रतापगढ़/उत्तरप्रदेश।
कभी कभी ईश्वर भी कितना निष्ठुर हो जाते हैं,इसका प्रत्यक्ष उदाहरण देखने को मिला रविवार दिन में सगाई और रात 11 बजे मौत। संदीप यादव मऊ जनपद में सिपाही के पद पर तैनात थे ,जिनकी सगाई पट्टी क्षेत्र में हुई ,लौटते समय गाड़ी दुर्घटना ग्रस्त हो गई,जिसमें चार परिवारी जन समेत संदीप की भी मृत्यु हो गई। ईश्वर उनके परिवार को इतना हृदयविदारक दुःख सहने की क्षमता प्रदान करें। दरअसल,उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ (Pratapgarh) जनपद में रविवार की देर रात सड़क दुर्घटना (Road Accident) में एक सिपाही (Police Constable) समेत 5 लोगों की मौत हो गई। मऊ जिले के चिरैयाकोट स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत सरसेना चौकी पर तैनात सिपाही संदीप यादव की प्रतापगढ़ जिले में सड़क हादसे में मौत हो गई। इसे नियति का खेल कहें या और कुछ एक पल में खुशियां मातम में बदल गयीं।
अपनी सगाई के लिए छ़ुट्टी लेकर घर गए सिपाही सगाई के कुछ ही घंटे बाद हादसे का शिकार हो गए। उनकी मौत का समाचार स्थानीय थाने में मिलते ही महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,वर्ष 2013 बैच के 26 वर्षीय सिपाही संदीप यादव प्रतापगढ़ जनपद के नगर कोतवाली अंतर्गत खजुरोही गांव निवासी विश्वनाथ प्रताप यादव के पुत्र थे। स्थानीय थाना पर आने के बाद बीती 26 जुलाई से उनकी तैनाती सरसेना चौकी पर हुई थी। रविवार को उनकी सगाई थी। इसके लिए वह 30 नवंबर को ही अवकाश लेकर अपने गांव चले गए थे। वहां रविवार की दोपहर में उनकी सगाई हुई। उनकी सगाई के बाद शाम को उनकी होने वाली साली सुप्रिया यादव का विवाह था। भावी ससुराल वालों के आग्रह पर वैवाहिक समारोह में भाग लेने वह स्वजनों के साथ वह बोलेेरो से प्रतापगढ़ जनपद के पट्टी के कुंदनपुर गांव गए थे। वहां से लौटते समय रास्ते में देर रात को प्रतापगढ़ जनपद के ही कंधई थाना क्षेत्र के पिपरी खालसा के पास उनकी बोलेराे अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में सिपाही संदीप समेत पांच लोगों की मौत हो गई। यह खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सुबह ज्योंहि हादसे की खबर स्थानीय थाना पहुंची पुलिसकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई। इस भीषण दुर्घटना से सभी सिपाही दुखी हैं। थानाध्यक्ष रूपेश कुमार सिंह ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि संदीप व्यवहार कुशल व अनुशासित पुलिस कर्मी थे। उनका असामयिक निधन काफी दुखद है।
सिपाही सहित पांच की मौत

कंधई थाना क्षेत्र के पिपरी खालसा गांव के पास पट्टी प्रतापगढ़ मुख्य मार्ग पर रविवार रात लगभग 11:15 बजे भीषण हादसा हो गया। पट्टी कोतवाली क्षेत्र के कुंदनपुर गांव से सगाई समारोह से आ रही बोलेरो गाड़ी ब्रेजा कार को छूते हुए अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पेड़ से टकरा गई। इससे उसमें बैठे मऊ जनपद में तैनात सिपाही संदीप यादव पुत्र विश्वनाथ यादव एवं राहुल यादव पुत्र पप्पू यादव, संदीप यादव पुत्र कन्हैया लाल यादव, अखिलेश यादव पुत्र रामनाथ यादव निवासी गण खजोहरी, थाना सदर कोतवाली और और पप्पू यादव निवासी आईटीआई, सदर कोतवाली की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर फोर्स के साथ पहुंचे प्रभारी एसओ कंधई अंगद राय ने सभी को शवों को कटर से बोलेरो को कटवाकर बाहर निकलवाया। सभी बोलेरो सवार सिपाही संदीप यादव के सगाई में कुंदनपुर गांव गए थे, वहीं से देर रात वापस घर खजोहरी गांव जा रहे थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर शोक जताया
CM श्री @myogiadityanath जी ने जनपद प्रतापगढ़ के थाना कंधई के पिपरी गांव के पास हुई दुर्घटना में एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
— Yogi Adityanath Office (@myogioffice) December 14, 2020
