लखनऊ/उत्तरप्रदेश।
उत्तर प्रदेश के महोबा के व्यापारी इंद्रकांत त्रिपाठी के मौत मामले में आईपीएस मणिलाल पाटीदार सहित 3 लोगों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया है आईपीएस मणिलाल पाटीदार के अलावा एसआई देवेंद्र शुक्ला और कॉन्स्टेबल अरुण यादव के खिलाफ भी गैर जमानती वारंट जारी हुआ है।
देवेंद्र शुक्ला और अरुण यादव को पहले ही नौकरी से बर्खास्त किया जा चुका है। माननीय न्यायालय विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट न. 9 लखनऊ ने गैर जमानती वारंटी आदेश जारी किया है। कबरई थाने में अपराध संख्या 234/20 में धारा 306/387/120 बी /504/506 व 7/7ए/8/12/13 भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है।
क्या है पूरा मामला

बता दें कि व्यापारी इंद्रकांत त्रिपाठी की बीते 8 सितंबर को गोली मारी गई थी। जिसके बाद गंभीर हालत में उन्हें महोबा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से इंद्रकांत त्रिपाठी को कानपुर रेफर किया गया था। कानपुर में इलाज के दौरान 13 सितंबर को इंद्रकांत त्रिपाठी की मौत हो गई। इंद्रकांत त्रिपाठी की मौत के बाद हंगामा मच गया और परिजनों की तरफ से एसपी मणिलाल पाटीदार पर इल्जाम लगाए गए।
इससे पहले जब 8 सितंबर को इंद्रकांत त्रिपाठी के साथ फायरिंग की घटना हुई तो उसके बाद उनके भाई रविकांत त्रिपाठी ने 11 सितंबर की शाम थाना कबरई में एफआईआर लिखाई थी। एफआईआर में तत्कालीन महोबा एसपी मणिलाल पाटीदार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए थे।
शिकायत में लिखा गया कि चंद्रकांत त्रिपाठी क्रेशर चलाते हैं और जून, 2020 से एसपी मणिलाल पाटीदार उनसे हर महीने 6 लाख रुपये की रिश्वत की डिमांड कर रहे हैं, लेकिन ये रिश्वत देने से इनकार कर दिया गया। इसके बाद एसपी मणिलाल ने अपने सहयोगी पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर चंद्रकांत त्रिपाठी को धमकियां देनी शुरू कर दीं।
मुख्यमंत्री योगी ने की थी कार्यवाही
इस घटना से एक दिन पहले कारोबारी ने एक वीडियो संदेश सोशल मीडिया पर जारी किया था, जिसमें उन्होंने महोबा के तत्कालीन एसपी मणिलाल पाटीदार पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था।
क्रशर कारोबारी इंद्रकांत त्रिपाठी वीडियो में कह रहे थे कि उनके द्वारा रिश्वत देने में असमर्थता जताने पर आईपीएस मणिलाल पाटीदार ने उन्हें जान से मरवाने व फर्जी मुकदमे में फंसाने धमकी भी दी थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कारोबारी के इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए तत्कालीन एसपी महोबा मणिलाल को निलंबित कर दिया था। साथ ही आईपीएस, कबरई थाना प्रभारी देवेंद्र शुक्ला सहित 4 लोगों के खिलाफ हत्या की साजिश, हत्या का प्रयास व भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज किया गया था।
