बता दें कि इससे पहले मंगलवार को लोकायुक्त पुलिस ने खंडवा की पंधाना कृषि उपज मंड़ी के ASI को 12 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था।
भोपाल/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश में रिश्वतखोर अधिकारियों कर्मचारियों पर लोकायुक्त की कार्रवाई लगातार जारी है। लेकिन रिश्वतखोरी है कि रुकने का नाम नहीं ले रही है एमपी में एक दिन ऐसा अछूता नहीं जाता कि जिस दिन कोई रिश्वतखोर अधिकारी या कर्मचारी पकड़ा ना जाए। इसी तारतम्य में मध्यप्रदेश की राजधानी के एमपी नगर इलाके में स्थित सरकारी प्रेस के सीनियर रीडर संतोष रैकवार को बुधवार दोपहर लोकायुक्त पुलिस ने तीन हजार रूपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। उसने महिला वकील से नाम संशोधन के गजट नोटिफिकेशन के लिए पांच हजार रुपये की मांग की थी। बाद में मामला तीन हजार में तय हो गया था। महिला वकील ने सीनियर रीडर के कक्ष में पहुंच जैसे ही उसे रुपये सौंपे, लोकायुक्त की टीम ने उसे धर दबोचा।
क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,एसपी लोकायुक्त मनु व्यास के अनुसार गौतम नगर में रहने वाली रेखा जैन पेशे से वकील हैं और जिला न्यायालय में वकालत करती हैं। उन्होंने 14 सितंबर को यह शिकायत की थी कि उनके मुवक्किल मारुति उर्फ अमृत धोटे निवासी बैतूल के नाम संशोधन हेतु शासकीय गजट में प्रकाशित करने के लिए वह शासकीय मुद्रणालय के सीनियर रीडर संतोष रैकवार के पास गई थीं, जिसके लिए उनसे पांच हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई। जांच के बाद आवेदक की शिकायत सही पाई गई। आवेदक द्वारा पैसे कम करने का बोलने पर संतोष रैकवार तीन हजार रुपये तक मान गया। इसके बाद लोकायुक्त ने सीनियर रीडर को रंगेहाथ पकड़ने की योजना बनाई। बुधवार दोपहर पौने दो बजे रेखा को तीन हजार रुपये लेकर सीनियर रीडर के कक्ष में भेजा गया। लोकायुक्त की टीम रणनीति बनाकर बाहर ही खड़ी की गई थी। जैसे ही संतोष रैकवार ने रेखा से घूस के रुपये हाथ में लिए, लोकायुक्त टीम ने कक्ष के भीतर प्रवेश करते हुए उसे उसे हिरासत में ले लिया। बाद में उसके हाथ धुलवाए गए तो वह रंगीन हो गए थे। उसके खिलाफ केस दर्ज कर उसके विभागीय अधिकारी को कार्रवाई की पूरी जानकारी दी गई। लोकायुक्त से डीएसपी डॉ सलिल शर्मा एवं सूर्यकांत अवस्थी की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
