बता दें कि हजीरा क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर पंकज सिकरवार की हत्या के बाद परिजन को राजीनामा करने के लिए फेसबुक पर लाइव धमकी देने वाले 5 हज़ार के इनामी आरोपी को हजीरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
ग्वालियर/मध्यप्रदेश……
फेसबुक लाइव पर प्रॉपर्टी कारोबारी पंकज सिकरवार के हत्या के मामले में राजीनामे के लिए मृतक के छोटे भाई रविंद्र सिकरवार को धमकाने वाले आशू तिवारी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया है। आरोपित की गिरफ्तारी पर 5 हजार का इनाम घोषित था। आशू एक बार पंकज सिकरवार के परिवार को प्रत्यक्ष रूप से धमका चुका है। आरोपित पंकज सिकरवार हत्याकांड में फरार चल रहे रमन चौहान व सोनू तोमर के लिए काम करता है। आरोपित के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट व रंगदारी वसूलने के आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपित से रमन चौहान व सोनू तोमर के संबंध में पूछताछ कर रही है।
क्या है पूरा मामला……..
प्राप्त जानकारी के अनुसार,सीएसपी (महाराजपुरा) रवि भदौरिया ने बताया कि पंकज सिकरवार के भाई रविंद्र सिकरवार ने फेसबुक लाइव वीडियो पुलिस को उपलब्ध कराया था। इस वीडियो में आशुतोष उर्फ अलुआ उर्फ आशू उर्फ आशीष तिवारी (22 वर्ष) पुत्र अमरनाथ तिवारी मूल निवासी पचासा लाइन बिरलानगर हाल निवासी श्रूति एन्कलेव अपार्टमेंट सेवानगर, रविंद्र सिकरवार को पंकज हत्याकांड में राजीनामे के लिए धमकी दे रहा है। इसके अलावा आरोपित पंकज सिकरवार के परिवार को पहले भी धमका चुका था। आरोपित के खिलाफ राजीनामे के लिए धमकाने का मामला दर्ज कर तलाश किया जा रहा था। आरोपित की गिरफ्तारी पर एसपी ने 5 हजार का इनाम भी घोषित किया था। रविवार को सटीक सूचना मिलने पर इनामी बदमाश आशू को गिरफ्तार किया गया है। इसके खिलाफ धारा 110 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
रमन व सोनू के संबंध में पूछताछ जारी…..
पुलिस को पता चला है कि परमाल सिंह तोमर गैंग के सदस्य रमन चौहान व सोनू चौहान से आशू के संबंध हैं। पुलिस आरोपित से रमन व सोनू के पनाह लेने के ठिकानों के संबंध में पूछताछ कर रही है। परमाल तोमर गैंग रविंद्र सिकरवार के परिवार को 50 दिन में राजीनामा करने के लिए धमका रहा है। परिजनों ने इसकी शिकायत एसपी से भी की है।
