खरगोन/इंदौर/मप्र।
मध्यप्रदेश में रिश्वतखोर अधिकारियों कर्मचारियों पर लोकायुक्त का शिकंजा लगातार कसा हुआ है।
इसी बीच बुधवार को इंदौर लोकायुक्त पुलिस ने खरगोन के शिवना में विद्युत वितरण कंपनी के कनिष्ठ यंत्री श्याम सोने और लाइनमैन पदम भूषण तिवारी को 22 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। जेई और लाइनमैंन ने किसान को खेत में विद्युत कनेक्शन देने के लिए 40 हजार रुपए की मांग की थी। पहले लाइनमैन को फिर जेई को रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा।
श्याम सोने कनिष्ठ यंत्री और पदम भूषण तिवारी संविदा लाइनमैन के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और धारा 120 बी भादवि के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर झिरन्या तहसील क्षेत्र के मिटावल निवासी महेश सेपरिया ने शिवना विवि कंपनी ऑफिस में अपने क्षेत्र में विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन दिया था। कनेक्शन के एवज में ग्राम शिवना विवि कंपनी कार्यालय में पदस्थ कनिष्ठ यंत्री श्याम सोने और लाइनमैन पदमभूषण तिवारी किसान से 40 हजार की रिश्वत राशि की मांग कर रहे थे।
इंदौर लोकायुक्त की टीम ने दोपहर में शिवना में पदस्थ लाइन मैन पद्मभूषण को 22 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। फिर लाइनमैन से कमेंट्री कनिष्ठ यंत्री जूनियर इंजीनियर श्याम सोने से बात कराई गई। इसकी रिकॉर्डिंग की गई। 5 घंटे इंतजार करने के बाद कनिष्ठ यंत्री ने बस स्टैंड पर लाइनमैन को पैसे लेकर बुलाया। यहां लोकायुक्त की टीम लाइनमैन को साथ में लेकर योजना के अनुसार पहुंची और कनिष्ठ यंत्री को रंगे हाथ पकड़ा।
इनका कहना
इंदौर लोकायुक्त पुलिस इंस्पेक्टर विजय चौधरी ने बताया कि आवेदक महेश ने लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में शिकायत आवेदन पत्र दिया था। लोकायुक्त ने 6 अप्रैल 2022 को ट्रैप दल गठित कर लाइनमैन पदमभूषण तिवारी को आवेदक से 22 हजार रिश्वत राशि लेते हुए पकड़ा गया है।
