HomeBreaking Newsमामला नवविवाहिता को एसिड पिलाने का:दिल्ली से भोपाल तक गूंजी इंसाफ की...

मामला नवविवाहिता को एसिड पिलाने का:दिल्ली से भोपाल तक गूंजी इंसाफ की मांग,TI और ASI पर गिरी गाज

डबरा/ग्वालियर/मप्र।

मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा शहर से पुलिस अधिकारी की बड़ी लापरवाही ने देश भर में विभाग की बड़ी किरकिरी कराई है। जहां पर नवविवाहिता को पति द्वारा एसिड पिलाने के मामले में पुलिसकर्मियों पर लापरवाही बरतने के मामले में कार्रवाई हुई है। 3 लाख रुपए के लिए पत्नी को तेजाब पिलाने वाले वीरेन्द्र कुमार जाटव को पुलिस ने बुधवार को दिल्ली से अरेस्ट कर लिया है। मामले में लापरवाही बरतने वाले डबरा टीआई पर गाज गिरी है। एसपी अमित सांघी ने डबरा टीआई विनायक शुक्ला को लाइन हाजिर किया है। वहीं एक एएसआई को सस्पेंड कर लाइन अटैच कर दिया गया है। इस मामले में दिल्ली महिला आयोग की चेयरपर्सन स्वाति मालीवाल ने सोशल मीडिया पर MP की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं? उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से इंसाफ की गुहार लगाई है और पुलिस पर लापरवाही बरतने और आरोपी को गिरफ्तार न करने का आरोप भी लगाया था।

डबरा थाना प्रभारी पर गाज गिरी

क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्वालियर के घाटीगांव सिमरिया निवासी 22 साल की शशि जाटव की शादी 17 अप्रैल 2021 को डबरा के रामगढ़ निवासी वीरेन्द्र कुमार जाटव के साथ हुई थी। शादी में शशि के मायके वालों ने 10 लाख रुपए खर्च किए थे। लॉकडाउन के बाद वीरेन्द्र ने नई कार खरीदने के लिए पत्नी को मायके से 3 लाख रुपए लाने के लिए कहा। इस बात से इनकार करने पर वह शशि के साथ मारपीट करता था।
27 जून की रात को वीरेंद्र ने शशि पर एक बार फिर 3 लाख रुपए लाने के लिए दबाव डाला। इस बार मना करने पर वीरेंद्र ने शशि को जबरन एसिड पिला दिया। शशि की हालत खराब हो गई। शोर मचाने पर घर के अन्य लोगों और आसपास के लोगों ने उसे गंभीर हालत में ग्वालियर के प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया, लेकिन उसकी हालत बेहद खराब होने पर उसे दिल्ली रेफर किया गया। इसके बाद डबरा सिटी थाना में सिर्फ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया गया था। उसने दिल्ली में अफसरों को पति के खिलाफ बयान दिया है। इसके बाद राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस मामले को निगरानी में लिया है।

यह तस्वीर 17 अप्रैल को शशि की शादी की समय की है। लाल घेरे में आरोपी पति।

स्वाति मालीवाल ट्वीट के बाद जागी पुलिस

मालीवाल ने ट्वीट कर CM शिवराज सिंह को लिखा है कि ‘ग्वालियर की लड़की को उसके पति ने एसिड पिलाया, जिससे उसके अंग जल गए। MP में FIR हल्की हुई और अब तक कोई अरेस्ट नहीं हुआ। लड़की का इलाज हम दिल्ली में करवा रहे हैं। उसके बयान भी SDM के सामने करवाए हैं। ये भयानक फोटो इस आस से डाली है कि शिवराज चौहान जी अपराधियों को अरेस्ट करवाएंगे।’

महिला आयोग के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने धाराएं बढ़ाई

इस मामले में घटना के बाद पुलिस ने सिर्फ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया था। अब मामले में दिल्ली महिला आयोग के हस्तक्षेप करने के बाद पुलिस ने तत्काल धाराएं बढ़ा दी हैं। आरोपी वीरेंद्र के खिलाफ जान से मारने की कोशिश की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं। ग्वालियर SP अमित सांघी ने कहा कि दिल्ली में पीड़ित ने बयान दिए हैं। उसके बाद पति के एसिड पिलाने का पता लगा है। धाराएं बढ़ा दी गई हैं।

पूर्व CM कमलनाथ ने की कार्रवाई की मांग

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस मामले में शिवराज सरकार से पीड़ित महिला को न्याय दिलाने की मांग की है. कमलनाथ ने इस मामले में पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की. उन्होंने ट्वीट किया, “ग्वालियर के डबरा की बहन शशि जाटव के साथ घटित घटना बेहद नृशंस व हैवानियत भरी है. घटना के 22 दिन बाद पुलिस ने अन्य धाराओं को जोड़ा है, यह गंभीर लापरवाही है ?” उन्होंने आगे कहा, “मै सरकार से माँग करता हूँ कि पीडिता को न्याय मिले , उसकी हर संभव मदद हो , दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही हो , लापरवाही बरतने वाले ज़िम्मेदारों पर भी कार्यवाही हो.”

इनका कहना

देहात एएसपी जयराज कुबेर का कहना है कि
घटना 27 जून की है। पीड़िता के परिजन डबरा थाने पहुंचे। यहां ASI ब्रह्म कुमार दीक्षित ने सिर्फ दहेज प्रताड़ना से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया। FIR में तेजाब पिलाने से संबंधित धाराओं का जिक्र तक नहीं किया गया। जानकारी देने के बावजूद मामले के जांचकर्ता एएसआई ने 20 जुलाई तक न तो धाराएं बढ़ाईं और न ही पीड़िता का बयान दर्ज किए। इस तरह तत्काल एक्शन नहीं लेने और जांच में लापरवाही बरतने पर एएसआई ब्रह्म कुमार दीक्षित को सस्पेंड कर दिया गया है। आरोपी वीरेंद्र जाटव को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Live Share Market :
- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!