भोपाल/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश की राजधानी में क्राइम ब्रांच ने कुख्यात बदमाश मुख्तार मलिक को गिरफ्तार कर लिया है। उसे रायसेन जिले के गौहरगंज इलाके में स्थित एक ढाबे पर चाय पीते समय पकड़ा गया । उससे एक विदेशी पिस्टल,2 मैगजीन व 25 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। क्राइम ब्रांच थाने में छह साल पहले दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले में उसकी तलाश थी। मुख्तार पर हनुमानगंज में अड़ीबाजी और कोहेफिजा थाने में दर्ज धोखाधड़ी के मामलों में गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित था। उस पर 56 अपराध दर्ज हैं।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,क्राइम ब्रांच के एएसपी गोपाल सिंह धाकड़ ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि फरार मुख्तार मलिक (54) रायसेन जिले के गौहरगंज इलाके में फरारी काट रहा है। एक विशेष टीम ने गौहरगंज पहुंचकर आरोपित की तलाश की तो जंगल पैराडाइज नामक ढाबे पर होने का पता चला। क्राइम ब्रांच को पता था कि मुख्तार हमेशा एक विदेशी पिस्टल अपने साथ हथियार रखता है, इसलिए पुलिस टीम ने सावधानीपूर्वक इलाके की घेराबंदी की और मुख्तार मलिक को पकड़ लिया। इसके बाद उसके पीठ के पीछे कमरे में छिपाकर रखी पिस्टल जब्त कर ली गई। पुलिस ने बताया कि हनुमानगंज थाने में दर्ज अड़ीबाजी के मामले में 20 हजार और कोहेफिजा थाने में धोखाधड़ी समेत विभिन्ना धाराओं में दर्ज केस की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुख्तार पर भोपाल के तलैया, बिलखिरिया, एमपी नगर, शाहजहांनाबाद, मिसरोद, जहांगीराबाद, क्राइम ब्रांच, हबीबगंज, हनुमानगंज, कोहेफिजा एवं रायसेन जिले के औबेदुल्लागंज, सुल्तानपुर तथा उमरावगंज थाने में 56 से ज्यादा आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

