बता दें कि पुलिस को लूट की शिकार महिला ने बताया कि बदमाशों की उम्र करीब 25 से 30 साल के बीच होगी और दोनों ने ही सफेद शर्ट पहनी थी और सफेद ही साफी बांधे थे। उनमें से एक हरे रंग का मास्क बांधे हुए था।
ग्वालियर/मध्यप्रदेश।
ग्वालियर में कोरोना कर्फ्यू की सख्ती के बीच बाइक सवार दो बदमाश एक महिला के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ले गए। वारदात शुक्रवार सुबह आनंद नगर बहोड़ापुर में उस समय हुई जब महिला एक हाथ ठेला वाले से फल खरीद रही थी। पूरी घटना पास ही लगे एक CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। वारदात के बाद बदमाश शहर की सड़कों पर बाइक दौड़ाते हुए फरार हो गए, जबकि पुलिस चेकिंग करती ही रह गई। पर इस वारदात से बदमाशों ने पुलिस को एक बार फिर खुली चुनौती दी है।
वारदात का पता चलते ही बहोड़ा़पुर थाना TI अमर सिंह सिकरवार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हुलिए के आधार पर शहर भर में नाकाबंदी कराई, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए हैं। पुलिस ने जब पास ही लगे CCTV कैमरे खंगाले तो बदमाशों के फुटेज मिले हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,बहोड़ापुर थानाक्षेत्र के आनंद नगर B-925 निवासी महेन्द्र कुमार ट्रांसपोर्टर हैं। शुक्रवार की सुबह दरवाजे पर फल बेचने आए एक ठेले वाले से उनकी 45 वर्षीय पत्नी वंदना फल खरीद रही थीं। तभी बाइक पर सवार दो बदमाश उनके पास आए और गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन खींच ले गए। बदमाशों ने इतनी तेजी से झपट्टा मारा कि महिला गिरते-गिरते बची। वारदात के बाद फल बेचने वाले व पास ही एक दुकानदार ने बाइक सवारों के पीछे दौड़ लगा दी, लेकिन बदमाश बाइक की गति बढ़ाकर भाग गए। पीड़ित महिला ने बताया कि बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। लूटी गई चेन की कीमत लगभग एक लाख रुपए बताई गई है।
