बता दें कि भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष कुशाभाऊ ठाकरे के जन्म शताब्दी वर्ष कार्यक्रम का आयोजन होटल शेल्टर में सोमवार को आयोजित किया गया। इसमें एक अलग ही नजारा दिखा, जब भाजपा के जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी सुंदरकांड पाठ में जूते पहनकर पूजा करते दिखे, जबकि उनके साथ खड़े कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया ने जूते उतार रखे थे।
ग्वालियर/मध्यप्रदेश।
अनुशासित पार्टी कही जाने वाली बीजेपी के जिला अध्यक्ष कमल माखीजानी सुंदरकांड पाठ में जूते पहनकर पूजा करते दिखे। दरअसल,बीजेपी पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष कुशाभाऊ ठाकरे का जन्मशताब्दी वर्ष मना रही है। इस अवसर पर आज होटल शेल्टर में सुंदरकांड का पाठ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी ने जूते पहनकर पुष्प अर्पित किए, जिसके फोटो-वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,आज भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती है। प्रदेश भाजपा संगठन उनके जन्मशताब्दी वर्ष को “संगठन पर्व” के रूप में मना रहा है। स्व. ठाकरे के जन्मदिन पर सोमवार को पूरे प्रदेश में आदरांजलि कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ राजधानी भोपाल स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में सुंदरकांड पाठ के साथ हुआ। इसी कड़ी में ग्वालियर में होटल शेल्टर में सुंदरकांड का पाठ आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया उपस्थित थे। पाठ समापन अवसर पर जब उपस्थित जन श्रीरामदरबार पर पुष्प अर्पित कर रहे थे तब जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी जूते पहनकर पुष्प अर्पित करने पहुचे। पूरे घटनाक्रम को किसी ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
