बता दें कि शिवपुरी में एटीएम ब्लास्ट का यह दूसरा मामला है। इससे पहले भी करीब दो साल पहले खनियाधाना में एटीएम ब्लास्ट कर बदमाश पैसे उड़ा ले गए थे।
शिवपुरी/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में एटीएम में ब्लास्ट की घटना सामने आई है। बदमाशों के हौसले कितने बुलंद है यह घटना इसका जीता जागता उदाहरण है। जहां कुछ बदमाशों ने चोरी के इरादे से एटीएम में ब्लास्ट कर दिए, जिससे एटीएम के चिथड़े उड़ गए। हालांकि धमाके के बाद वहां से रुपये लिए बिना ही बदमाश भाग गए। ब्लास्ट से इलाके में दहशत का माहौल है। एटीएम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है।
विस्फोट इतना ताकतवर था कि ATM मशीन सहित शटर के परखच्चे उड़ गए। धमाके की आवाज सुनकर सड़क पर गश्त कर रही करैरा पुलिस तुरंत मौके पर जा पहुंची। पुलिस को एटीएम में 6 लाख 72 हजार 500 रुपये मौके पर बिखरे मिले हैं।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,मामला करैरा के पुराना बस स्टैंड क्षेत्र का है। एटीएम प्राइवेट कंपनी का बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बिखरे हुए नोटों को समेटा। दरअसल,शिवपुरी जिले के करैरा में फूटा तालाब स्थित पुराना बस स्टैंड पर इंडिया नंबर वन एटीएम स्थित है। यहां पर चोरों ने मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब ढा़ई बजे डायनामाइट से विस्फोट कर दिया। इसके पहले तक बदमाश एटीएम मशीन को काटने या फिर उठाकर ले जाने का प्रयास करते रहे हैं। इस बार चाेराें के हाैंसले इस कदर बढ़ गए कि उन्होंने एटीएम में डायनामाइट लगाकर विस्फोट कर दिया। ब्लास्ट की जानकारी लगते हुए कुछ ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। यहां पुलिस को करीब सात लाख रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस काे 6 लाख 72 हजार 500 रुपये के नोट सही सलामत मिले हैं। वहीं 28 हजार रुपए के कटे-फटे नोट मिले हैं। पुलिस ने एटीएम का संचालन करने वाली कंपनी से भी जानकारी मांगी है। कंपनी के कर्मचारियों के अनुसार सर्वर में देखकर बताया जा सकेगा कि एटीएम में कुल कितने रुपये थे और इसमें से कितने रुपये बदमाश ले गए। पुलिस ने आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने शुरू कर दिए गए हैं। बदमाशाें ने डायनामाइट से ब्लास्ट कर पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पुलिस इस बात का भी पता लगाने में जुटी है कि डायनामइट मिला कहां से था।
इनका कहना
SDOP करैरा जीडी शर्मा का कहना है कि रात में पुलिस गश्त के दौरान ब्लास्ट की आवाज सुनाई दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। संभवत: पुलिस को आता देख बदमाश बिना लूट की वारदात को अंजाम दिए वहां से भाग निकले। पुलिस ने फिलहाल जो सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। उसमें दो संदिग्ध लोग प्रत्यक्ष रूप से नजर आ रहे हैं, हालांकि रात होने के कारण तस्वीर बहुत स्पष्ट नहीं है। हम प्रयास कर रहे हैं कि इसमें और भी सुराग मिल सकें, इसके लिए कस्बे के अन्य सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है।
