HomeBreaking Newsनई नवेली दुल्हन को एसिड पिलाया,दिल्ली में उठी इंसाफ की मांग,एमपी पुलिस...

नई नवेली दुल्हन को एसिड पिलाया,दिल्ली में उठी इंसाफ की मांग,एमपी पुलिस पर लापरवाही के आरोप

डबरा/ग्वालियर/मप्र।

डबरा (Dabra) में एक नवविवाहिता को उसके पति द्वारा एसिड (acid) पिलाकर मारने का मामला सामने आया है। नई कार खरीदने के लिए मायके से 3 लाख रुपए नहीं लाने पर नई नवेली दुल्हन को एसिड पिला दिया। गंभीर हालत में नवविवाहिता को पहले ग्वालियर के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, लेकिन फिर दिल्ली रेफर कर दिया गया। एसिड से महिला के गले से लेकर पेट तक कई अंग जलकर खराब हो गए हैं। महिला की डबरा में तीन महीने पहले ही शादी हुई थी। उधर, इस मामले में दिल्ली महिला आयोग की चेयरपर्सन स्वाति मालीवाल ने सोशल मीडिया पर MP की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं? उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से इंसाफ की गुहार लगाई है और पुलिस पर लापरवाही बरतने और आरोपी को गिरफ्तार न करने का आरोप भी लगाया है।

क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्वालियर के घाटीगांव सिमरिया निवासी 22 साल की शशि जाटव की शादी 17 अप्रैल 2021 को डबरा के रामगढ़ निवासी वीरेन्द्र कुमार जाटव के साथ हुई थी। शादी में शशि के मायके वालों ने 10 लाख रुपए खर्च किए थे। लॉकडाउन के बाद वीरेन्द्र ने नई कार खरीदने के लिए पत्नी को मायके से 3 लाख रुपए लाने के लिए कहा। इस बात से इनकार करने पर वह शशि के साथ मारपीट करता था।
27 जून की रात को वीरेंद्र ने शशि पर एक बार फिर 3 लाख रुपए लाने के लिए दबाव डाला। इस बार मना करने पर वीरेंद्र ने शशि को जबरन एसिड पिला दिया। शशि की हालत खराब हो गई। शोर मचाने पर घर के अन्य लोगों और आसपास के लोगों ने उसे गंभीर हालत में ग्वालियर के प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया, लेकिन उसकी हालत बेहद खराब होने पर उसे दिल्ली रेफर किया गया। इसके बाद डबरा सिटी थाना में सिर्फ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया गया था। उसने दिल्ली में अफसरों को पति के खिलाफ बयान दिया है। इसके बाद राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस मामले को निगरानी में लिया है।

स्वाति मालीवाल ट्वीट के बाद जागी पुलिस

मालीवाल ने ट्वीट कर CM शिवराज सिंह को लिखा है कि ‘ग्वालियर की लड़की को उसके पति ने एसिड पिलाया, जिससे उसके अंग जल गए। MP में FIR हल्की हुई और अब तक कोई अरेस्ट नहीं हुआ। लड़की का इलाज हम दिल्ली में करवा रहे हैं। उसके बयान भी SDM के सामने करवाए हैं। ये भयानक फोटो इस आस से डाली है कि शिवराज चौहान जी अपराधियों को अरेस्ट करवाएंगे।’

ट्वीट के बाद ही मामला गरमा गया

स्वाति मालीवाल के ट्वीट के बाद ही मामला गरमा गया और पुलिस अधिकारी आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गए। इस संबंध में सिटी थाना प्रभारी विनायक शुक्ला से बात की उनका कहना था कि इस मामले में पहले पीड़िता की मां की शिकायत पर दहेज एक्ट का मामला दर्ज किया गया था। बाद में उसका मजिस्ट्रियल बयान दिल्ली में पुलिस अधिकारियों को भेजकर करवाए गए। जिसमें उसने अपने पती और भाभी पर जबरदस्ती एसिड पिलाने का आरोप लगाया है। बाद में मामले में धाराओं का इजाफा किया जा रहा है साथ ही आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस पूरे घटनाक्रम में दो पहलू देखने को मिले एक और जहां पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप है तो पुलिस ने अपनी सफाई में कुछ अलग ही तर्क दिया पुलिस का कहना है कि पीड़िता के पिता ने साफ तौर पर मना किया कि उसके पति को गिरफ्तार नहीं किया जाए। क्योंकि वह महिला का इलाज करा रहा है इस पूरे घटनाक्रम से इतना तो तय है कि अब मामला गर्मा चुका है और शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो जाएगी।

महिला आयोग के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने धाराएं बढ़ाई

इस मामले में घटना के बाद पुलिस ने सिर्फ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया था। अब मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग के हस्तक्षेप करने के बाद पुलिस ने तत्काल धाराएं बढ़ा दी हैं। आरोपी वीरेंद्र के खिलाफ जान से मारने की कोशिश की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं। ग्वालियर SP अमित सांघी ने कहा कि दिल्ली में पीड़ित ने बयान दिए हैं। उसके बाद पति के एसिड पिलाने का पता लगा है। धाराएं बढ़ा दी गई हैं एक आरोपी की गिरफ्तारी की जा चुकी है तथा अन्य दो को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।

Live Share Market :
- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!