बता दें कि मंगलवारा पुलिस ने बताया कि अजय मूलत: विदिशा के शमशाबाद के रहने वाले थे। वहीं पास में ईमलिया गांव में उनका ससुराल है। पुलिस ने बताया कि उन्होंने अपनी सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। फिलहाल,आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। इस संबंध में आगे की जांच पड़ताल की जा रही है।
भोपाल/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से एक दुःखद घटना सामने आई है। जहाँ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा में तैनात कॉन्स्टेबल अजय सिंह ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह मंगलवारा थाना इलाके में स्थित फ्लैट पर उनका शव मिला। घटना के समय वह घर में अकेले था। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। घटना मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात की है। बुधवार सुबह जब वह CM की सिक्योरिटी में अपनी ड्यूटी पर नहीं पहुंचे तो उन्हें ढूंढते हुए उसके रिश्तेदार अजय के फ्लैट पर गए। वहां उसकी लाश मिली। इसके बाद रिश्तेदार ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचा दिया है। पुलिस ने विदिशा में रहने वाले उनके परिजनों को सूचना दे दी है।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,पुलिस ने बताया कि CM सिक्योरिटी में अजय की ड्यूटी बुधवार को सुबह लगाई गई थी। ड्यूटी पर उपस्थित नहीं होने पर सुरक्षा कार्यालय से फोन किया गया, लेकिन अजय ने फोन नहीं उठाया। अजय के परिजन को फोन लगाया तो उन्होंने भोपाल के पटेल नगर में ही रहने वाले रिश्तेदार (कॉन्स्टेबल) को इसकी जानकारी दी। उन्होंने भी अजय को फोन लगाया तो मोबाइल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद वे अजय के फ्लैट पर पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद था। पीछे की खिड़की से देखा तो अजय की बॉडी नीचे पड़ी हुई थी, जिसके बाद उन्होंने घटना की सूचना मंगलवारा पुलिस को दी।
9 साल पहले नौकरी जॉइन की थी
पुलिस ने बताया कि 31 साल के अजय सिंह सेंगर ने 2012 में 10वीं बटालियन सागर में नौकरी जॉइन की थी। फिलहाल, वे CM सिक्योरिटी में तैनात थे। अजय सेंगर परिवार के साथ तुलसी टॉवर पटेल नगर फ्लैट में 6 महीने से किराए से रहते थे। परिवार में पत्नी और एक 13 माह की बेटी है। दोनों एक सप्ताह पहले परिवार में किसी की शादी में विदिशा गए थे। अजय भी छुट्टी लेकर जाने वाले थे।
इनका कहना
अजय अभी अकेला ही रह रहा था। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। सुसाइड के कारणाें का अभी पता नहीं चल पाया है। परिजनों से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी ली जा रही है।
–इरशाद वली,डीआईजी,भोपाल।
SI की बाइक को कार ने मारी टक्कर,बोनट में फंस 200 मीटर तक घसीटे गए,मौत

भोपाल/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश की राजधानी से दूसरी दुखद खबर सामने आई है। जहां एक SUV ने बाइक सवार सब इंस्पेक्टर (SI) को पीछे से टक्कर मार दी। SI कार की बोनट में फंस गए। इसके बाद ड्राइवर ने कार रोकने की बजाय रफ्तार और बढ़ा दी। वह घसीटते चले गए। कार की स्पीड तेज होने की वजह से 200 मीटर दूर जाकर SI उछल कर सड़क की दूसरी तरफ जा गिरे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उनको तुरंत नजदीकी के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,पुलिस के अनुसार, 2012-13 बैच के सब इंस्पेक्टर सुधीर मांझी हनुमानगंज थाने में तैनात थे। सुधीर मंगलवार की रात ड्यूटी के बाद चूनाभट्टी स्थित अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे एकांत पार्क के पास पहुंचे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही सफेद SUV कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह कार के बोनट में फंस गए। इसके बाद कार चालक उनको 200 मीटर घसीटते हुए ले गया। कोलार तिराहे पहुंचने से पहले वह उछलकर सड़क की दूसरी तरफ जा गिरे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तुरंत इलाज के लिए जेपी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया।
पुलिस महकमे में शोक की लहर
जानकारी के अनुसार, सुधीर मांझी की पत्नी भी सब इंस्पेक्टर है और पुलिस मुख्यालय में तैनात हैं। मांझी की एक साल की बेटी भी है, जिसका हाल ही में जन्मदिन मनाया था। मांझी की गाड़ी में बच्ची के खिलौने भी रखे हुए थे। इधर SI शर्मा ने बताया कि दुर्घटना के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया है। वहीं पुलिस कार के नंबर के आधार पर आरोपी चालक की तलाश कर रही है। एसआई मांझी की मौत पर राजधानी की पुलिस ने शोक व्यक्त किया है।
