भोपाल/मध्यप्रदेश।
कोरोना संक्रमण से विदिशा जिले के एक एएसआई बहादुर सिंह यादव की कोरोना पॉजिटिव होने बाद इलाज के दौरान भोपाल में मौत हो गई वे 56 साल के थे। भोपाल में ही उनका अंतिम संस्कार किया गया। आर्म्स गार्ड के साथ उनकी शहादत को नमन किया गया। रेलवे कालोनी बीना जिला सागर के स्थायी निवासी बहादुर सिंह यादव वर्तमान में परिवार के साथ गंजबासौदा स्थित राजपूत कालोनी, सुभाष निकेतन वाली गली गंजबासौदा में निवास कर रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर छा गई। एसपी विनायक वर्मा ने कोरोना वारियर बहादुर सिंह यादव की मौत को पुलिस विभाग के लिए बड़ी क्षति बताया है।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,देहात थाने के अंतर्गत बरेठ चौकी में पदस्थ एएसआई बहादुर सिंह यादव 25 नवंबर को ड्यूटी के दौरान कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। उपचार के लिए भोपाल भेजा गया था। वहां वे पिछले एक साल से पदस्थ थे। 5 महीने पहले उनको बरेठ पुलिस चौकी का इंचार्ज बनाया गया था। कोरोना काल के दौरान उनकी सेवाएं काफी सराहनीय रही थी। वे काफी मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे।
चारों बेटे हैं बेरोजगार
बहादुरसिंह यादव के 4 पुत्र हैं। इनमें अरविंद, अजय, आकाश और आशीष यादव हैं। सभी बरेठ रोड स्थित राजपूत कॉलोनी में रहते हैं। अभी तक सभी बेरोजगार हैं। इससे पूर्व नटेरन में प्रधान आरक्षक के रूप में पदस्थ रहे हैं। इसके बाद उनका स्थानांतरण हो गया था। उनको पुलिस विभाग में भी कर्तव्यनिष्ठ और ईमानदार अधिकारी के रूप में जाना जाता था। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को कोलार श्मशान घाट पर किया गया। इस मौके पर पुलिस विभाग की ओर से उनको सलामी भी दी गई। उनकी अचानक मृत्यु के कारण पत्नी और बच्चे गहन शोक में हैं। वर्तमान में परिवार का भरण पोषण उनके द्वारा ही हो रहा था।
DGP ने शोक संवेदना प्रकट की
श्री बहादुर सिंह यादव,सहायक उप निरीक्षक,थाना बासौदा जिला विदिशा का कर्तव्यरत रहते हुए कोरोना संक्रमण के कारण आज दुःखद निधन हो गया है। पुलिस विभाग में इनकी 37 वर्ष की उत्कृष्ट सेवा रही है। मध्यप्रदेश पुलिस परिवार की ओर से मैं श्री यादव को नमन एवं श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूं। pic.twitter.com/JwGFzQUy2o
— DGP MP (@DGP_MP) December 1, 2020
