बता दें कि डबरा एक जनसभा में इमरती देवी के लिए वोट मांगने पहुंचे कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया की जुबान फिसल गई और उन्होंने बीजेपी की जगह कांग्रेस के लिए वोट मांग लिया। हालांकि तुरंत ही उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ। जिसके बाद उन्होंने बीजेपी के पक्ष में ही वोट करने की अपील की।
डबरा/ग्वालियर/मप्र।
कांग्रेस छोड़ भाजपा में आये ज्योतरादित्य सिंधिया चुनावी मंच से लगातार कांग्रेस पर हमला बोल रहे हैं। ऐसे में एक बार फिर उनकी जुबान पर कांग्रेस का नाम आ गया, लेकिन इस बार वो कांग्रेस के हाथ के पंजे की बटन दबाने की अपील कर बैठे। डबरा में बीजेपी प्रत्याशी इमरती देवी के समर्थन सभा करने पहुंचे सिंधिया की मंच से बोलते हुए जुबान फिसल गई। कांग्रेस ने इस पर चुटकी लेते हुए कहा दिल की बात जुबां पर आ ही जाती है।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,सिंधिया शनिवार को डबरा में बीजेपी प्रत्याशी इमरती देवी के समर्थन में सभा को सम्बोधित कर रहे थे। इस दौरान उनकी जुबान फिसल गई। सिंधिया ने कहा कि तीन तारीख को हाथ के पंजे का बटन दबाना है। जब उनको गलती का अहसास हुआ तो तुरंत उन्होंने अपनी बात संभाली और कहा कि कमल के फूल वाला बटन दबेगा और कांग्रेस के पंजे वाले बटन को बोरी बिस्तर बांधकर यहां से रवाना करेंगे। सिंधिया के पंजे वाली बात सुनकर लोग ठहाका लगाने लगे।
कांग्रेस ने चुटकी ली
कांग्रेस ने इस पर चुटकी ली है। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी (ग्वालियर-चम्बल संभाग) के.के. मिश्रा ने ट्वीट कर लिखा- दिल की बात जुबां पर आ ही जाती है,अभी डबरा में “उनकी इमरती” के समर्थन में हुई सभा में “श्रीअन्त” बोल गए 3 तारीख़ को “हाथ के पंजे” का बटन दबाना है,उन्हें भी अहसास है कि पंजा व कमलनाथ जी दोनों ही वापस आ रहे हैं,आप और मामू….?
