भिंड/मध्यप्रदेश………….
भिंड के ऊमरी थाने में पुलिसकर्मियों पर हुई हमले की घटना में घायल हवलदार की इलाज के दौरान मौत हो गई। हवलदार उमेश बाबू का दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज चल रहा था, लेकिन बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई।
क्या है मामला…………

आपको बता दें कि बेहद सनसनीखेज घटनाक्रम में शराबखोरी कर हंगामा करने के मामले में थाने लाए गए एक आरोपी विष्णु राजावत ने थाने में ही रखी गेती उठाकर उमेश बाबू और एक अन्य पुलिसकर्मी पर जानलेवा हमला कर दिया था। इस आरोपी ने हवलदार उमेश बाबू के सिर पर गेती मार दी थी, जिससे वे कुर्सी पर बैठे-बैठे ही निढाल हो गए थे। उन्हें सिर में गंभीर चोट आई थी, जिसके बाद उन्हें पहले ग्वालियर और फिर दिल्ली रेफर किया गया था। लेकिन बुधवार को उनकी मौत हो गई। गौरतलब है कि ऊमरी पुलिस ने रविवार को बाजार में उत्पात मचा रहे विष्णु सिंह राजावत निवासी रौन को पकड़ा था। विष्णु ने रविवार रात करीब 8 बजे हवलदार उमेश बाबू (50) के सिर में गेती मारी थी जबकि एक अन्य सिपाही गजराज सिंह (35) को भी गेती मारकर घायल किया था। पुलिस ने इस मामले में विष्णु पर जानलेवा हमले की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया था, लेकिन अब हवलदार की मौत के बाद विष्णु के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
शहीद का दर्जा,1 करोड़ रुपये एवं परिजन को शासकीय नौकरी:CM
मुख्यमंत्री शिवराज ने ट्वीटर के माध्यम से लिखा है कि भिंड के ऊमरी थाने में पदस्थ पुलिस जवान उमेश बाबू को श्रद्धांजलि। कर्तव्यनिष्ठ उमेश जी को शहीद का दर्जा दिया जाएगा। उनके आश्रित परिजनों को एक करोड़ की सहायता राशि और एक सदस्य को शासकीय सेवा दी जाएगी। पीड़ा की इस घड़ी में पूरा प्रदेश शोकाकुल परिजनों के साथ है।

उमरी थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक उमेश बाबू की मौत की खबर से पूरे पुलिस महकमे सहित जिले भर में सनसनी फैल गई है क्योंकि इस घटना का वीडियो जो वायरल हुआ था वह भी काफी हृदयविदारक और विचलित करने वाला है अब उमेश बाबू को सब को दिल्ली से अपने गृह निवास भिंड लाया जा रहा है उनका शव शाम तक भिंड पहुंच सकेगा।
