बता दें कि हनीट्रैप गैंग ब्लैकमेलिंग मामले में दोषी पाए गए कोतवाली थाने के प्रधान आरक्षक ताराचंद जाटव, प्रधान आरक्षक ज्योति मांझी, आरक्षक मनोज वर्मा को एसपी संतोष सिंह गौर ने मंगलवार को नौकरी (पुलिस सेवा) से बर्खास्त कर दिया है। आदेश जारी होने की पुष्टि एएसपी अवधेश प्रताप सिंह ने देर शाम को की है। यह तीनों पुलिसकर्मी मिलकर तीन महिलाओं के साथ मिलकर लोगों को फंसाते थे और ब्लैकमेलिंग शुरू कर देते थे। गैंग के मुखिया एसआई जय नलवाया पर कार्रवाई डीआईजी स्तर से होगी। पुलिस में रहते हुए इनकी गैंग कई लोगों को निशाना बना चुकी है।
होशंगाबाद/मध्यप्रदेश।
हनीट्रेप के जरिए लोगों को ब्लैकमेल करने वाले पुलिसकर्मी प्रधान आरक्षक ज्योति मांझी, आरक्षक मनोज वर्मा, आरक्षक ताराचंद जाटव को एसपी संतोष सिंह गौर ने मंगलवार को बर्खास्त कर दिया है। पिछले एक सप्ताह से मामला लगातार सुर्खियां बना हुआ है। एक महिला के जरिए ये पुलिस कर्मी लोगों को डरा धमकाकर अवैध रूप से रुपयों की वसूली करते थे। एक युवक की शिकायत के बाद पूरे मामले से पर्दा उठ सका। एसआइ जय नलवाया को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। एसआइ नलवाया से संबंधित जांच रिपोर्ट डीआईजी के पास भेज दी गई है। डीआईजी ही एसआइ नलवाया पर कार्रवाई का निर्णय लेंगे। एक साथ तीन पुलिस कर्मियों को बर्खास्त करने की कार्रवाई जिले में संभवत: पहली बार की गई है। एसपी की इस कार्रवाई से पूरे महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। इन पुलिसकर्मियों ने क्षेत्र के कई रिटायर्ड शिक्षक, वनकर्मी, शासकीय कर्मचारी, नाव चालक समेत कई लोगों को फंसा लिया था। यह लोग सात लाख रुपए तक की रकम ब्लैकमेलिंग के जरिए हासिल कर चुके थे।
क्या था पूरा मामला,कैसे उठा हनी ट्रैप गैंग से पर्दा
प्राप्त जानकारी के अनुसार,कोतवाली थाने में पदस्थ एसआई जय नलवाया, प्रधानआरक्षक ज्योति मांझी, आरक्षक मनोज वर्मा और ताराचंद जाटव मंडीदीप की महिला सुनीता ठाकुर के साथ मिलकर शहर के युवा व अधेड़ उम्र के लोगों का वीडियो, फोटो खिंचकर रूपए के लिए ब्लैकमेल करते थे। महिला व पुलिस कर्मी पीड़ितों को झूठे केस में धमकी देने के नाम पर रूपए मांगते थे। महिला व पुलिस कर्मियों का हनीट्रैप गैंग सवा साल से चला रहे थे।
ऐसे हनीट्रैप गैंग से पर्दा उठा
रुपए के लेनदेन में गड़बड़ी होने से महिला सुनीता ठाकुर की गैंग से अनबन हो गई। उसी ने होशंगाबाद एसपी से एसआई नलवाया, प्रधानआरक्षक ज्योति मांझी, आरक्षक मनोज वर्मा की शिकायत की। उन्होंने तीनों पुलिसकर्मियों पर महिला के नाम से रूपए मांगने की शिकायत की। महिला के शिकयती आवेदन की कोतवाली थाने की एसआई श्रद्धा राजपूत ने जांच की। जांच में महिला और पुलिसकर्मियों के बीच गैंग बनाकर लोगों से ब्लैकमेलिंग की जानकारी मिलने के बाद एसपी संतोष सिंह गौर ने महिला सेल प्रभारी डीएसपी आशुतोष पटेल जांच दी। डीएसपी पटेल ने जांच प्रतिवेदन तीन दिन पहले एसपी को सौंपा पुलिसकर्मियों ने नोटिस के जवाब दिए। एएसपी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया मंगलवार को एसपी ने महिला प्रधानआरक्षक ज्योति मांझी, आरक्षक मनोज वर्मा, ताराचंद जाटव को निलंबित किया। एसआई जय नलवाया पर कड़ी कार्रवाई का कार्यक्षेत्र एसपी के अंतर्गत नहीं आता है। इसलिए एसआई पर कार्रवाई के लिए जांच प्रतिवेदन डीआईजी होशंगाबाद को भेजा गया है।
पुलिस मुख्यालय ने लिया मामले में संज्ञान
हनी ट्रेप मामले में पुलिस मुख्यालय से संज्ञान लिया गया था। बताया जा रहा है कि एसपी को पुलिस मुख्यालय से आदेश मिले थे कि जल्द से जल्द जांच पूरी की जाए। पीएचक्यू से भी वरिष्ठ अधिकारी मामले की निगरानी कर रहे थे। सूत्रों की माने तो पुलिस कर्मियों की कॉल डिटेल भी निकाली गई थी। जिसके बाद पूरी स्थिति स्पष्ट हो गई थी। पुलिसकर्मियों द्वारा लोगों को डराने धमकाने के लिए कई बार फोन किए गए थे। साथ ही उक्त महिला से भी कई बार बात करने के प्रमाण मिले हैं।
ब्लैकमेलर सुनीता ठाकुर की जमानत निरस्त
हनीट्रैप गैंग की मुख्य आराेपी सुनीता ठाकुर की जमानत निरस्त हाे गई है। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के यहां जमानत याचिका लगाई गई थी। इसे काेर्ट ने निरस्त कर दिया है। सुनीता ठाकुर काे जेल में ही रहना हाेगा। जिला कोर्ट के एडीपीओ अरुण पठारिया ने बताया कि सुनीता की याचिका काेर्ट ने निरस्त कर दी है। कुछ दिन पहले ही महिला का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह पीड़ित युवक से रुपये लेते दिख रही है। पुलिस ने जांच रिपोर्ट में इस वीडियो का भी उल्लेख किया है। महिला ने युवक से समझौता करने के नाम पर मोटी रकम ली थी। वहीं एक फारेस्ट कर्मी से भी रुपयों की उगाही की गई थी।
दो पुलिसकर्मियों का भी नाम सामने आया
इस मामले में देहात थाने में पदस्थ एक महिला उपनिरीक्षक और आरक्षक का भी नाम सामने आ रहा है। एएसपी अवधेश प्रताप सिंह इसी मामले में कुछ और लोगों के भी बयान लेंगे। इसके बाद पूरी स्टोरी सामने आ जाएगी।
इनका कहना
प्रधान आरक्षक ज्योति मांझी, आरक्षक मनोज वर्मा, आरक्षक ताराचंद जाटव को बर्खास्त कर दिया गया है। एसआइ जय नलवाया से संबंधित जांच रिपोर्ट डीआईजी कार्यालय प्रेषित की गई है। बर्खास्त किए गए पुलिस कर्मियों को विभाग की ओर से कोई रियायत नहीं दी जाएगी।
–संतोष सिंह गौर, एसपी।
