ग्वालियर/शिवपुरी/मप्र……
शहर में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या में अप्रत्याशित उछाल आया है। इसे देखते हुए शहर में 7 से 10 दिन का संपूर्ण लॉकडाउन लगाया जा सकता है। ग्वालियर में क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक में सभी सदस्यों ने शहर में 7-10 दिन तक टोटल लॉकडाउन करने पर सहमति जताई है। इस संबंध में प्रस्ताव कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने प्रमुख सचिव गृह को भेज दिया है। वहीं शिवपुरी कलेक्टर ने शहर को 19 जुलाई तक टोटल लॉकडाउन करने का आदेश जारी कर दिया है। कलेक्टर अनुग्रह पी ने सभी व्यापारियों और दुकानदारों से बातचीत के बाद ये आदेश पारित किया है।
कल शाम से एक हफ्ते के लिए टोटल लॉकडाउन…………..
ग्वालियर शहर में 14 जुलाई के सायंकाल 7 बजे से एक हफ्ते तक कर्फ्यू की तर्ज पर टोटल लॉकडाउन लागू रहेगा। जिले में कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को ध्यान में रखकर जिला प्रशासन ने इस आशय का निर्णय लिया है। सोमवार के सांयकाल हुई डिस्ट्रिक क्राइसेस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक में एक हफ्ते का लॉकडाउन लागू करने पर सहमति बनी थी। कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि एक हफ्ते के लॉकडाउन के दौरान ग्वालियर शहर में किसी भी प्रकार के सामाजिक, धार्मिक एवं राजनैतिक समारोह आयोजित नहीं किए जा सकेंगे। कहीं भी भीड़ पाए जाने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम एवं अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। लॉक डाउन के दौरान जिले की सभी सीमाएं पूरी तरह सील रहेंगी। सीमा पर बने नाकों पर कड़ी निगरानी रहेगी। जिले के भीतर किसी को भी प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी और न ही किसी को जिले से बाहर जाने दिया जाएगा। केवल आपातकालीन मेडिकल जरूरत होने पर ही जिले से बाहर और भीतर आने-जाने की अनुमति दी जाएगी।
उत्सवों पर सार्वजनिक झांकियां नहीं लगाई जाएंगी………..
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण रोकने के लिए उत्सवों पर सार्वजनिक झाकियां नहीं लगाई जाएंगी। धार्मिक स्थलों, उपासना स्थलों पर एक बार में 5 से अधिक व्यक्ति इकट्ठे नहीं होंगे। शादी, सगाई आदि में दोनों पक्षों के 10-10 व्यक्ति से अधिक सम्मिलित नहीं होंगे। जन्मदिन आदि उत्सवों में 10 से अधिक व्यक्ति शामिल नहीं होंगे। मुख्यमंत्री ने सोमवार को मंत्रालय में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि कोरोना संक्रमण रोकने के लिए घर पर ही आगामी त्यौहार मनाएं। देव प्रतिमा घर पर ही स्थापित कर पूजा-अर्चना करें। सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिमा स्थापित करने, त्योहार मनाने की अनुमति नहीं होगी।
शिवपुरी में 19 जुलाई तक टोटल लॉकडाउन………….
शिवपुरी में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मरीजों को देखते हुए कलेक्टर अनुग्रह पी ने आज आदेश दिया है कि शहर में टोटल लॉकडाउन 19 जुलाई तक बढ़ाया जाता है। जिला कलेक्टर द्वारा आज सभी व्यापारियों एवं दुकानदारों के साथ बैठक करके यह आदेश पारित किया गया। आदेश के अनुसार इस दौरान सभी दुकानदारों, व्यापारियों का बूथ लगाकर टेस्ट कराया जाएगा तथा सब्जी मंडी में भी टेस्ट कराया जाएगा। इसके साथ ही धार्मिक स्थलों पर केवल धर्म गुरु ही पूजा-अर्चना करेंगे। वहां पर भीड़ एकत्रित नहीं की जाएगी।
किराना स्टोर अंतराल रखकर दो दिन खुलेंगे………….
शिवपुरी शहर में किराना स्टोर अंतराल रखते हुए 2 दिन खुलेंगे तथा पेट्रोल पंप, दूध डेयरी, मेडिकल स्टोर किसानों के उपकरण खाद बीज की दुकानें तथा कृषि से संबंधित वस्तुओं की दुकानें शाम तक खुलेंगे तथा शनिवार एवं रविवार को टोटल लॉकडाउन रहेगा। आदेश में कहा गया है कि ऑटो रिक्शा एवं यातायात भी लॉकडाउन के दौरान बंद रहेगा। केवल अति आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकले तथा मास्क लगाएं।
