खंडवा/इंदौर/मप्र…………..
मध्यप्रदेश के खंडवा आरपीएफ (RPF) थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर रमापति पांडे (58 वर्ष) की रविवार को इंदौर में इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्हें कोरोना संक्रमण के प्राथमिक लक्षण थे। उनके बेटे की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है, लेकिन सब इंस्पेक्टर की रिपोर्ट आना अभी बाकी है।
क्या है पूरा मामला…………….
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एपिडिमियोलॉजिस्ट डॉ. योगेश शर्मा ने बताया कि आरपीएफ सब इंस्पेक्टर पांडे को कल जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां उनका ऑक्सीजन से चुरेशन मात्र 40 था, जो बहुत कम था। ऑक्सीजन देने के बाद यह बढ़कर 80 जरूर हुआ, लेकिन उनकी हालत बिगड़ती देख उन्हें इंदौर रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
डॉ. शर्मा ने बताया कि उनमें कोरोना संक्रमण के शुरूआती लक्षण थे। उनका और उनके बेटे का कोरोना सैंपल 18 मई को लिया गया था, जिसमें बेटे की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, लेकिन उनकी रिपोर्ट अभी तक नहीं मिल सकी है। बेटे की पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद उसे खंडवा जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। वहीं उनके अन्य परिजनों के भी सैंपल लिए गए हैं, जिनकी रिपोर्ट आने का इंतजार है।
इनका कहना…………..
आरपीएफ थाना प्रभारी (TI) महेंद्र कुमार खोजा ने बताया कि रमापति पांडे 13 मई तक ड्यूटी पर ही थे। तभी उनकी तबियत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए छुट्टी दी गई थी। उनके बेटे की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है इससे उनके भी संक्रमित होने की आशंका है इस स्थिति को देखते हुए आरपीएफ के तमाम स्टाफ का भी टेस्ट कराया जा रहा है। ड्यूटी के दौरान कोरोना से मौत होने की वजह से उच्च अधिकारियों ने विभागीय सहायता का आश्वासन दिया है।
