भोपाल/मध्यप्रदेश……………
सीएए और एनआरसी को लेकर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित, जबलपुर, उज्जैन और राजगढ़ में जमकर विरोध प्रदर्शन हुआ। इस दौरान भोपाल और जबलपुर में स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को भीड़ को खदेड़ना पड़ा। वहीं जबलपुर में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है। भोपाल और जबलपुर में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।
क्या है पूरा मामला……………..

भोपाल में जुमे की नमाज के बाद बुधवारा इलाके में भीड़ जुटना शुरू हो गई। कुछ ही देर में यहां करीब 10 हजार लोग जमा हो गए। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में बढ़ती नारेबाजी को देख पुलिस ने सख्ती से भीड़ को खदेड़ना पड़ा। भोपाल शहर काजी ने पहले ही प्रदर्शन न करने की बात कही थी, लेकिन उनकी समझाइश को दरकिनार कर लोग यहां जमा हो गए और नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना मिलने के बाद कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त और मुस्लिम नेता भी लोगों को समझाने के लिए वहां पहुंच गए हैं। मोती मस्जिद के सामने से बड़ी संख्या में लोगों का आना जारी रहा। यह बात भी सामने आ रही है कि भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों में मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। भोपाल नगर निगम के फायर स्टेशनों को अलर्ट पर रखा गया है। कुछ लोगों को मोबाइल कंपनियों की ओर से मैसेज मिले हैं, जिसमें संदेश दिया गया है कि 21 दिसंबर दोपहर 12 बजे तक मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद रहेगी।
उज्जैन……………
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में उज्जैन में भी बड़ा प्रदर्शन हुआ, यहां हजारों की संख्या में लोग जुटे, यहां शांतिपूर्ण तरीके से कानून का विरोध किया गया। राजगढ़ में भी एहतियात के तौर पर पुलिस ने मुख्य इलाकों में फ्लैग मार्च किया। पूरे मध्य प्रदेश में धारा 144 लागू है, ऐसे में पुलिस सभी संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बनाए हुए है।
जबलपुर……………
सीएए और एनआरसी के विरोध प्रदर्शन के दौरान जबलपुर में पुलिस को प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग करना पड़ा। जुमे की नमाज के बाद पुलिस ने रानी ताल इलाके, घमापुर चौक, भान तलैया, मंडी मदार टेकरी में सख्त सुरक्षा व्यवस्था रखी थी। गोहलपुर में 2 हजार से ज्यादा लोग सड़क पर उतर आए थे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। दमोह के मुर्शीद बाबा मैदान में सीएएस के विरोध में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने विरोध किया। इस बीच पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के प्रयास से प्रदर्शनकारी उग्र हो गये और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज व अश्रु गैस के गोले छोड़े, पुलिस ने एहतियातन कई क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया है, साथ ही शनिवार 21 दिसम्बर को स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। कॉलेज का अवकाश नहीं है जिला प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है।
जबलपुर जिला दंडाधिकारी एवं कलेक्टर भरत यादव ने कानून व्यवस्था बनाये रखने के मद्देजनर शहर के चार थाना क्षेत्रों गोहलपुर, मिलोनीगंज, हनुमानताल एवं आधारताल थाना क्षेत्र में धारा 144 के तहत कर्फ्यू घोषित कर दिया है। प्रशासन के मुताबिक कानून व्यवस्था के मद्देनजर कल शनिवार 21 दिसम्बर को जिले में स्थित सभी स्कूल एवं आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
