इंदौर/मध्यप्रदेश……..
मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी वाले इंदौर में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां शहर के सरवटे बस स्टैंड पर शनिवार रात चार मंजिला होटल की इमारत ढह गई। हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई और करीब छह लोग घायल हो गए।वही करीब 20 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है ।
इमारत करीब 50 साल पुरानी बताई जा रही है। घटना के बाद ही रेस्क्यू शुरु किया गया। देर रात तक रेस्क्यू टीम मलबा हटाती रही।
मुख्यमंत्री शिवराज ने राहत राशि की घोषणा कर दी है, वही हादसे के मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए है।
धराशायी होने से पहले होटल एमएस की तस्वीर

होटल मालिक की तलाश में जुटी पुलिस………
जिस वक्त हादसा हुआ होटल का मालिक शंकर परवानी मौके पर नहीं पहुंचा था। होटल मालिक के खिलाफ जानलेवा लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है।फिलहाल इसके मालिक की जानकारी अभी तक सामने नहीं है। पुलिस मालिक की तलाश कर रही है।
मामला विस्तार से………
जानकारी के अनुसार, छोटी ग्वालटोली थाना क्षेत्र में सरवटे बस स्टैंड पर एक चार मंजिला इमारत गिर गई। यह हादसा 9 बजकर 17 मिनट का बताया जा रहा है। एक कार के टकराने से यह जर्जर इमारत गिर गई।
घटना के 20 मिनट बाद निगम का अमला मौके पर पहुंचा।
बिल्डिंग के गिरते ही अफरा तफरी मच गई और हर कोई मौके पर पहुँचने लगा और मलबा हटाने की कोशिश करने लगा। बिल्डिंग काफी जर्जर हो चुकी थी। इस होटल की निचली मंजिल पर रेस्टॉरेंट संचालित होता था। जिस समय हादसा हुआ उस समय होटल में लोग खाना खा रहे थे।घटना की जानकारी के बाद मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुँचा और बचाव कार्य शुरु किया गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही महापौर मालिनी गौड़, क्षेत्रीय विधायक उषा ठाकुर के साथ कलेक्टर निशांत वरवड़े, डीआईजी हरिनारायण चारी मिश्र, निगम कमिश्नर मनीष सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे।
बताया जा रहा है मलवे में 20 लोगों के दबे होने की आशंका है। कई घंटों तक राहत व बचाव कार्य चलता रहा। आधी रात तक प्रशासन ने 10 मौतों की पुष्टि कर दी थी। इनमें दो महिलाएं हैं।हादसा इतना भयावह था कि बिल्डिंग के नीचे खड़ा ऑटो रिक्शा और कार भी चकनाचूर हो गए।
होटल मालिक की लापरवाही बनी हादसे का कारण…….
हादसे में मारे गए होटल के मैनेजर हरीश कुमार सोनी (70) की पत्नी और बेटी का आरोप है कि होटल के अंदर रिपेयरिंग का काम भी चल रहा था। आठ दिन पहले इसकी छत भी गिर गई थी। पिता ने होटल के मालिक को इसकी जानकारी दी थी, लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया।
वही होटल के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि घटना के वक्त 18 कमरों की इस होटल में कई मुसाफिर थे। रजिस्टर में 41 लोगों की एंट्री मिली है।
घटना के वक्त होटल में कितने लोग मौजूद थे, यह स्पष्ट नहीं है। बिल्डिंग इतनी तेजी से गिरी कि किसी को बचने का मौका ही नहीं मिला।
यह इमारत करीब 80 से 60 साल पुरानी थी।
इस पर ही बिना पिलर के दो मंजिल और तान दी थी। दो-तीन बार इसकी शिकायत की जा चुकी थी।
अधिकारी हादसे में कितने लोग प्रभावित हुए हैं, किस कारण यह हादसा हुआ, इतनी जर्जर बिल्डिंग में कैसे होटल संचालित हो रहा था , इसके बार में कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है।वही कमिश्नर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी कार के बिल्डिंग के पिलर से टकराने की बात सामने आई है।लेकि पूरे घटनाक्रम का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगा।
मुख्यमंत्री ने की सहायता राशि की घोषणा…….
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर के सरवटे बस स्टैंड क्षेत्र में भवन गिरने की दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए तथा घायलों को पचास- पचास हजार रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने कहा है कि घायलों का इलाज कराया जाएगा।
गौरतलब है कि सरवटे बस स्टैंड के पास का यह हिस्सा भीड़-भाड़ वाला इलाका है। यहां 15 से ज्यादा होटल और रेस्टारेंट बने हुए हैं। शनिवार का दिन होने और रविवार की छुट्टी के चलते ज्यादा भीड़ थी।लोग घूमने और बाहर खाना खाने के उद्देश्य से बाहर निकलते है। जिस वक्त हादसा हुआ 25 लोग होटल के नीचे ही खड़े थे। पास स्थित पान की दुकान पर भी लोग खड़े थे। जबकि, आसपास रोड पर गाड़ियों की आवाजाही जारी थी। हादसे के दौरान रोड से गुजर रहे लोग घबरा गए। पान की दुकान पर खड़े लोग वहां से भाग गए।
हादसें में मारे गए लोगो की सूची………
राजू पिता रतनलाल (35), रुस्तम का बगीचा। हरीश सोनी (70)। सत्यनारायण चौहान (60) लुनियापुरा। आनंद पोरवाल (नागदा)। राकेश राठौर नंदबाग, इंदौर। दो महिलाओं और तीन पुरुषों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। मुकेश पिता रामलाल (42) राजनगर धर्मेन्द्र पिता देवराम (30) घायल हैं।
