“बता दें कि चंबल नदी से रेत के उत्खनन पर सुप्रीम कोर्ट ने प्रतिबंधित कर रखा है इसके बाद भी हजारों ट्रैक्टर-ट्राली रेत का खनन कर अवैध परिवहन कर रहें हैं”
मुरैना/मध्यप्रदेश…………
चंबल में रेत माफियाओं के आतंक दिन पर दिन बढ़ता जा रहा है आलम तो ये है कि अब ये शासकीय अमले पर भी हमला करने से नही चूकते हैं। माफियाओं में
वन विभाग के कर्मचारियों और कार्रवाइयों का भय लगातार कम होता जा रहा है। यही वजह है कि वन कर्मियों के साथ मारपीट और उनके काम में बाधाएं पहुंचाने के मामले सामने आ रहे हैं। इन घटनाओं के कारण वन विभाग के कर्मचारियों का मनोबल कम हो रहा है। साथ ही किसी भी तरह की कार्रवाई से पहले वन कर्मियों को संगठित होकर और पुलिस का सहयोग लेकर आगे बढ़ना पड़ रहा है। वन विभाग वन क्षेत्रों में होने वाले वन अपराधों को रोकने का काम करता है। वन विभाग के पास भी पुलिस की ही तरह कार्रवाई के अधिकार हैं, लेकिन वन विभाग का भय वन अपराध करने वाले लोगों में कम होता जा रहा है। वन विभाग पर इस महीने हुए दो हमले इस बात की गवाही दे रहे हैं कि वन विभाग को पूरी क्षमता का प्रयोग करते हुए वन अपराध करने वालों पर कार्रवाई करने की आवश्यकता है। इसके लिए वन विभाग के अधिकारियों को भी समीक्षा करने और ठोस कदम उठाने की आवश्यकता हैं।
ताज़ा मामला मुरैना जिले का है जहाँ अवैध रेत का परिवहन कर रहे ट्रैक्टर ट्रालियों को पकड़ने गए वन अमले पर मंगलवार को रेत माफिया ने हमला कर दिया, जिसमें एक वनकर्मी घायल हो गया है। उसके सिर पर चोटें आई हैं, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्या है मामला………….
पुलिस के अनुसार, वन विभाग की एक टीम सूचना के आधार पर सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम शिकारपुर के समीप रेलवे फाटक पर अवैध रेत से भरे खड़े दर्जनों ट्रैक्टर ट्रॉलियों को जब पकड़ने पहुंची तो रेत माफिया के लोगों ने टीम पर पत्थरों ओर डंडो से हमला कर दिया। हमले में एक वनकर्मी पवन शर्मा घायल हो गया है। घायल कर्मी को इलाज के लिए मुरैना के जिला अस्पताल भेजा गया है।
वन विभाग ने मौके से एक ट्रैक्टर ट्राली को जब्त किया है। जबकि अन्य ट्रेक्टर चालक अपने-अपने ट्रैक्टर ट्रॉलियों को लेकर भाग निकले। वन विभाग की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि माफिया ने हमले के दौरान फायरिंग भी की है, हालांकि इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की गई है। वन विभाग की तरफ से स्टेशन थाना पुलिस में एफआईआर दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार………….
जांच अधिकारी ज्योति शर्मा के अनुसार,स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के शिकार पुरा फाटक के पास वन विभाग की टीम अधिकारियों के साथ मिलकर रेत के ट्रैक्टर ट्राली पकड रहे थे, अवैध रेत खनन रोकने गए वन विभाग के अमले पर रेत माफिया की टीम ने हमला कर दिया, ये घटना स्टेशन रोड थाने के तहत आने वाले शिकारपुर फाटक के पास हुई, रेत माफिया के लोगों ने जांच के लिए पहुंचे वन विभाग के अमले पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए, पत्थरबाजी में एक वन कर्मी घायल हो गया है। इसके बावजूद वन विभाग के अमले ने अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जरूर जब्त कर ली, इस मामले में थाना स्टेशन रोड पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने अज्ञात रेत माफियाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर, आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
