ग्वालियर/मध्यप्रदेश।
एमपी के ग्वालियर में पुलिस पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर ग्वालियर पुलिस के दो वीडियो वायरल हैं। दोनों वीडियो में पुलिस वसूली कर रही है। एक वीडियो में पुलिस ट्रक वालों (Recovery From Truck Driver) से वसूली कर रही है। वहीं, दूसरे वीडियो में सटोरिए से जाकर वसूली कर रही है। दोनों ही वीडियो ग्वालियर एसपी के पास पहुंच गए, जिस पर एसपी ने ग्वालियर थाने के 2 पुलिसकर्मी और आंतरी थाने के एक आरक्षक को सस्पेंड कर लाइन अटैच कर दिया है।
दरअसल, ये दोनों वीडियो तब आए हैं, जब एक दिन पहले कुछ पुलिसकर्मी सटोरिए के साथ पार्टी करते मिलते थे। दोनों वीडियो मंगलवार की रात से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो झांसी रोड हाइवे स्थित सिकरौदा के पास का है, जिसमें झांसी रोड हाइवे पर सिकरौदा के पास पुलिस जवान ट्रक को रोककर खुलेआम एंट्री वसूलता नजर आ रहा है। यह वीडियो किसी राहगीर ने बनाकर SP ग्वालियर के पास पहुंचा दिया।
क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,एक वीडियो ग्वालियर शहर के ग्वालियर थाना क्षेत्र का है जिसमें थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में जुए के अड्डे से आरक्षक मोटरसाइकिल पर बैठे दिख रहे हैं और वो गाड़ी पर बैठे बैठे ही कुछ लोगों से कुछ लेते दिखाई दे रहे हैं जो संभवतः रुपये हैं। वायरल वीडियो एसपी के पास भी पहुंचा उन्होंने थाना प्रभारी को जाँच के लिए के लिए निर्देशित किया। थाना प्रभारी ने जो जाँच प्रतिवेदन बनाकर एसपी को भेजा उन्होंने भी जुआ चलने और आरक्षकों की मौजूदगी को सही माना। वीडियो में अवैध वसूली करते आरक्षकों की पहचान गवेंद्र सिंह तोमर और सुभाष गर्ग के रूप में हुई। एसपी ने थाना प्रभारी के प्रतिवेदन के आधार पर दोनों आरक्षकों के कृत्य को पुलिस की छवि को धूमिल करने वाला और सेवा शर्तों का उल्लंघन करने वाला माना। एसपी ने दोनों आरक्षकों को निलंबित कर दिया और लाइन अटैच कर दिया।
डम्पर चालक से अवैध वसूली
एक अन्य वायरल वीडियो ग्वालियर के देहात थाना क्षेत्र के थाने आंतरी का है जिसमें थाने में पदस्थ आरक्षक रविप्रकाश गुर्जर एक डम्पर चालक से अवैध वसूली करते दिखाई दे रहा है। वीडियो सिकरौदा हाइवे का दिखाई दे रहा है। एसपी ने वीडियो वायरल होने के बाद थाना प्रभारी को जाँच के निर्देश दिए। थाना प्रभारी ने जाँच प्रतिवदेन में बताया कि आरक्षक रविप्रकाश गुर्जर डम्पर को रोककर अवैध वसूली करते दिखाई दे रहा है। एसपी ने आरक्षक के आचरण को पुलिस सेवा शर्तों के विपरीत और पुलिस की छवि को धूमिल करने वाला माना। एसपी ने आरक्षक रविप्रकाश गुर्जर को निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया।
इनका कहना
दो आरक्षक वीडियो में नजर आए हैं। जो भीड़ में किसी व्यक्ति से लेनदेन करते दिख रहे हैं। दोनों का आचरण पुलिस मैन्युअल के खिलाफ है। दोनों आरक्षकों को निलंबित कर दिया गया है।
–अमित सांघी, SP ग्वालियर।
