बता दें कि पिछले दो दिनों से दमोह के सांसद प्रह्लाद पटेल को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल हुई थी जिसमें उनके लापता होने का दावा किया गया था। दरअसल, जिले में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच पटेल अपने संसदीय क्षेत्र से नदारद थे। सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल होने के बाद वे दमोह पहुंचे और कोविड केयर सेंटर का जायजा लिया। केंद्रीय संस्कृति मंत्री प्रह्लाद पटेल (Prahlad Patel) का गुरुवार को एक वीडियो वायरल (Video Viral) हुआ है, जिसमें वह बीमार मां के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर (Oxygen Cylinder) की मांग करने वाले एक शख्स को ”दो थप्पड़” लगाने की बात कहते सुने जा सकते हैं। एक तरफ जहां विपक्ष ने इस घटना को लेकर मंत्री पर निशाना साधा है।
दमोह/मध्यप्रदेश।
कोरोना विकराल रुप धारण करता जा रहा है तो संक्रमित लोगों का अस्पतालों में सही तरीके से इलाज नहीं हो पा रहा है क्योंकि एक तो बेड की किल्लत फिर ऑक्सीजन समेत कई बुनियादी सुविधाओं की कमी की वजह से मरीजों के परिजन बेहद परेशान हैं। लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है ऐसे में जब मरीज का एक परिजन केंद्रीय मंत्री के सामने भड़क गया तो मंत्री ने उसे थप्पड़ मारने की धमकी दे डाली। ऐसे में भी बीजेपी के वरिष्ठ नेता लोगों की मदद करने के बजाए उन्हें दुत्कार रहे हैं। मामला दमोह लोकसभा के सांसद और केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल से जुड़ा है।
वीडियो देखें
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,केंद्रीय मंत्री पटेल का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। केंद्रीय मंत्री बुधवार को दमोह जिला अस्पताल के निरीक्षण पर थे। बताया जाता है कि इसी दौरान पटेल जब बात कर रहे थे, तब ये वीडियो बनाया गया। घटना के बाद ये वायरल हो गया। इसमें एक बेहद परेशान शख्स पटेल से कह रहा है- ‘मां बीमार है उन्हें ऑक्सीजन सिलेंडर नहीं मिल रहा है एक घंटे हो गया। लेकिन मिला नहीं शख्स की बात सुनकर पटेल ने कहा- ‘पहले भाषा ठीक करो, ऐसा बोलोगे तो दो खाओगे.’
मंत्री की बात सुन जवाब में युवक ने कहा, ‘हां हम दो खाएंगे हमारी माताजी भी तो खाने के लिए ही पड़ी हैं।बताओ हम क्या करें। 36 घंटे से परेशान हो रहे हैं।ऑक्सीजन सिलेंडर मिला तो वह पांच मिनट ही चला यदि नहीं दे सकते हैं तो मना कर दें। इसके बाद जैसे-तैसे मामला शांत हुआ और मंत्री निरीक्षण कर चले गए।
विपक्ष ने इस घटना को लेकर मंत्री पर निशाना साधा
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कांग्रेस ने मंत्री पटेल के रवैए की निंदा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उन्हें मंत्री पद से बर्खास्त किए जाने की मांग की। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने मोदी सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए सवाल किया, “प्रधानमंत्री पहले यह बताएं कि कोरोना संक्रमित मरीज के परिजनों द्वारा ऑक्सीजन मांगे जाने पर उनकी सरकार के मंत्री ने दो थप्पड़ मारने की धमकी दी। इस मामले में उनकी क्या राय है?”
उन्होंने कहा कि एक ओर जहां समूचा देश कोरोना महामारी से जूझ रहा है और आमजन शासन-प्रशासन की ओर आशा भरी निगाहों से चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराने के लिए देख रहे हैं, वहीं दूसरी ओर, भाजपा सरकार के मंत्री द्वारा कोरोना संक्रमित बुजुर्ग महिला मरीज के पुत्र को ऑक्सीजन मांगने पर सार्वजनिक रूप से दो थप्पड़ मारने की धमकी दिए जाने से मोदी सरकार के मंत्री प्रहलाद पटेल का अमानवीय चेहरा उजागर हुआ है।
चौधरी ने कहा कि मंत्री प्रहलाद पटेल के दमोह लोकसभा क्षेत्र के स्थानीय सांसद होने के नाते एक पुत्र उनके सामने अपनी मां के इलाज की गुहार लगा रहा था, जिसको ऑक्सीजन मुहैया कराने के बजाय मंत्री पटेल ने शासन-प्रशासन की नाकाम व बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर पर्दा डालने का काम किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की है कि इस तरीके से सत्ता का रौब दिखाकर आम जनों को धमकी देने वाले केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के.के. मिश्रा ने अस्पताल का वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा है, “दमोह में मतदान के पहले हर संक्रमित को प्रदेश के मंत्री कारों से भोपाल-जबलपुर अस्पतालों में भर्ती करवा रहे थे, अब जिला अस्पताल में अपनी मां को बचाने के लिए ऑक्सीजन की गुहार करने वाले भाजपा कार्यकर्ता को दो चांटे देने की बात कह रहे हैं केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल! काम निकल गया!”
दमोह में मतदान के पहले हर संक्रमित को प्रदेश के मंत्री कारों से भोपाल-जबलपुर अस्पतालों में भर्ती करवा रहे थे,अब जिला अस्पताल में अपनी माँ को बचाने के लिए ऑक्सीजन की गुहार करने वाले BJP कार्यकर्ता को दो चांटे देने की बात कह रहे हैं केंद्रीय मंत्री श्री प्रह्लाद पटेल! काम निकल गया! pic.twitter.com/7A4KNT64QN
— KK Mishra (@KKMishraINC) April 22, 2021
वीडियो पर केंद्रीय मंत्री की सफाई, ट्वीट कर बताई सच्चाई
इस वीडियो के वायरल होने पर पर केंद्रीय मंत्री की खूब अलोचना हो रही थी। जिस पर मंत्री ने यह वीडियो जारी कर सफाई दी है। अब उन्होंने एक ट्वीट कर लिखा,’ जिला चिकित्सायल में चर्चा का अंत ऐसे हुआ.’
जिला चिकित्सालय में चर्चा का अंत ऐसे हुआ,जिस पर विवाद खड़ा किया गया था। pic.twitter.com/Qg985J53zY
— Prahlad Singh Patel (@prahladspatel) April 22, 2021
